नवागढ़ में सबसे बड़ी जुआ रेड : 236 जुआड़ी गिरफ्तार, 75 लाख से अधिक की संपत्ति जब्त
बेमेतरा।
दीपावली के बाद जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जुआ खेल रहे 236 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। एसडीओपी बेमेतरा श्रीमती कौशिल्या साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नवागढ़-मुंगेली रोड स्थित ईंट भट्ठा के पास देर रात छापेमारी की। इस कार्रवाई में पुलिस ने मौके से नकद रकम ₹1,94,548, ताश की 52 पत्तियां, 123 मोटरसाइकिल, 01 कार और विभिन्न कंपनियों के 140 मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त संपत्ति की कुल अनुमानित कीमत ₹75 लाख 84 हजार 548 बताई गई है।
सूचना मिली थी कि नवागढ़-मुंगेली रोड पर बड़ी संख्या में लोग काट-पत्ती नामक जुआ खेल रहे हैं। इस पर 20 और 21 अक्टूबर की रात पुलिस ने घेराबंदी कर रेड मारी। पुलिस को देखते ही कुछ आरोपी मौके से भाग निकले, जबकि 236 जुआड़ी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 3(2) छत्तीसगढ़ जुआ (प्रतिषेध) अधिनियम 2022 के तहत कार्रवाई की है। वहीं, जप्त मोबाइल फोनों की ट्रांजेक्शन हिस्ट्री की जांच पुलिस टीम द्वारा की जा रही है ताकि जुए से जुड़ी आर्थिक लेनदेन की जानकारी मिल सके।
एसडीओपी कौशिल्या साहू ने बताया कि जिले में अवैध गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने कहा, “किसी भी स्थिति में अवैध जुआ, सट्टा या अन्य अपराधों को बख्शा नहीं जाएगा।”
इस कार्रवाई में शामिल अधिकारी और स्टाफ:
एसडीओपी बेमेतरा कौशिल्या साहू के नेतृत्व में थाना प्रभारी खम्हरिया निरीक्षक चंद्रदेव वर्मा, थाना प्रभारी नांदघाट निरीक्षक लेखराम ठाकुर, थाना प्रभारी नवागढ़ उप निरीक्षक भुनेश्वर यादव, थाना प्रभारी चंदनू उप निरीक्षक द्वारिका प्रसाद देशलहरे, चौकी प्रभारी संबलपुर सउनि रघुवीर सिंह, चौकी प्रभारी मारो सउनि जितेंद्र कश्यप, चौकी प्रभारी देवकर सउनि उदलराम टांडेकर, सउनि दीनानाथ सिन्हा, प्रधान आरक्षक गोपाल ध्रुव सहित जिले के विभिन्न थाना-चौकी व रक्षित केन्द्र के पुलिसकर्मी शामिल रहे।
