जांजगीर ब्रेकिंग — अकलतरा में चोरी की दो बड़ी वारदात, चोरों ने पुलिस को फिर दी खुली चुनौती

0
IMG-20250817-WA0268

अकलतरा।

शहर में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रहीं। बीती रात चोरों ने एक बार फिर पुलिस को चुनौती देते हुए नगर के बीचों-बीच दो दुकानों में छप्पर फाड़कर सेंधमारी की और लाखों का सामान व नकदी लेकर फरार हो गए। चार दिन में तीसरी बड़ी चोरी ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

➡ माँ मोबाइल दुकान में छप्पर फाड़कर सेंध
आज़ाद चौक स्थित माँ मोबाइल दुकान में देर रात चोरों ने टीनशेड फाड़कर फॉल्स सीलिंग तोड़ी और भीतर घुस गए। गल्ले से 10–15 हजार रुपये नकद व करीब 10 मोबाइल फोन चोरी कर ले गए। शहर के सबसे व्यस्त इलाके में हुई यह वारदात पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़ा कर रही है।

➡ साई डेली नीड्स में फिर ताला टूटा, दूसरी बार चोरी
हैरानी की बात यह है कि साई डेली नीड्स दुकान में 10 दिन में दूसरी बार चोरी हुई है। चोरों ने फिर वही तरीका अपनाया—टीनशेड हटाकर फॉल्स सीलिंग काटी और लगभग 35 हजार रुपये नकद व सामान ले भागे। व्यापारी हैरान हैं कि पुलिस की मौजूदगी में एक ही दुकान को बार-बार निशाना कैसे बनाया जा रहा है।

➡ चोरों का जंगलराज?
नगर में पिछले 10 दिनों से लगातार चोरी की घटनाएँ सामने आ रही हैं। सिर्फ चार दिन में तीन बड़ी वारदातों ने साफ कर दिया है कि रात्रि गश्त पूरी तरह फेल है। लोग कह रहे हैं कि चोर बेखौफ हैं और पुलिस सो रही है।

➡ दहशत में व्यापारी, कार्रवाई की मांग तेज
लगातार हो रही चोरी से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। व्यापारी संगठन ने पुलिस से तत्काल प्रभावी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है, लेकिन अब तक कोई सुराग हाथ नहीं लगा है।

अकलतरा में बढ़ते अपराधों ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है और लोगों में यह चिंता गहराती जा रही है कि अगर पुलिस की नींद नहीं खुली, तो चोरों का हौसला और बढ़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *