हिड़मा को लेकर फूफा ही परेशान हैं : संतोष पाण्डेय
रायपुर।
भारतीय जनता पार्टी के मुख्य प्रदेश प्रवक्ता व सांसद संतोष पाण्डेय ने नक्सली हिड़मा के एनकाउंटर पर रूदालियों की तरह विलाप करने वालों पर तंज करते हुए कहा कि हिड़मा को लेकर उनके कथित फूफे ही परेशान हैं जो हिड़मा के मौत के बाद वातावरण बनाने में लगे हुए हैं। श्री पाण्डेय ने कहा कि कोई भी देशद्रोही देश के लिए हितकर नहीं हो सकता और वह समाज का नायक भी नहीं हो सकता, लेकिन कांग्रेस की मानसिकता कुछ और ही है।
भाजपा मुख्य प्रदेश प्रवक्ता श्री पाण्डेय ने मंगलवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित प्रदेश कार्यालय में पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि हिड़मा का समर्थन कर कांग्रेस ने अपनी मानसिकता को प्रदर्शित किया है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह से लेकर कांग्रेस के युवा कार्यकर्ता तक हिड़मा को लेकर अलोकतांत्रिक बातें कर रहे हैं। श्री पाण्डेय ने कहा कि इस देश में नक्सलवाद की समस्या को कांग्रेस ने उर्वरक देने का काम किया और यह काम आज भी जारी है। कांग्रेस हमेश नक्सलियों को अपनी बी टीम मानती है, इसलिए उनके खात्मे से कांग्रेस भी कमजोर हो रही है। यही कारण है कि लगातार कांग्रेसी अलोकतांत्रिक नक्सलियों के समर्थन में आकर अपनी खोई हुई जमींन को मजबूत करने में जुटे हैं, लेकिन इसमें वे सफल नहीं होंगे। श्री पाण्डेय ने कहा कि कांग्रेस की ओर से उप राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार कौन थे और उनकी सलवा जुड़ूम अभियान पर अंकुश लगाने में क्या भूमिका थी, कोई भूला नहीं है। इसके साथ ही नक्सल विरोधी अभियान को लेकर केन्द्र व राज्य की सरकार मजबूती से काम कर रही है इसी का नतीजा है कि हम लगातार सफल हो रहे हैं।
