आमाबेडा क्षेत्र में एक बार फिर हिंसा, धर्मांतरण को लेकर तनाव बढ़ामतांतरित परिवारों के 12 घरों व प्रार्थना स्थल में तोड़फोड़, पुलिस बल तैनात
आमाबेडा।
आमाबेडा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़े तेवड़ा से शुरू हुआ धर्मांतरण को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। क्षेत्र में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी, जहां मतांतरित परिवारों के घरों में तोड़फोड़ की गंभीर घटना सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, बड़े तेवड़ा गांव में मतांतरित परिवार के एक बुजुर्ग की मृत्यु के बाद कफन-दफन को लेकर विवाद उत्पन्न हुआ था। इसके बाद चर्चों में तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं भी हुई थीं, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया था। हालांकि कुछ समय के लिए स्थिति शांत होती दिखाई दे रही थी, लेकिन रविवार सुबह एक बार फिर हालात बिगड़ गए।
रविवार को आमाबेडा तहसील अंतर्गत ग्राम पुसागांव में ग्रामीणों की एक बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में गांव वालों ने मतांतरित लोगों से घर वापसी की मांग की। इस पर मतांतरित परिवारों ने साफ तौर पर घर वापसी से इनकार कर दिया। इससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और मामला हिंसक हो गया।
आक्रोशित ग्रामीणों ने गांव में रह रहे मतांतरित परिवारों के कुल 12 अलग-अलग घरों और एक प्रार्थना स्थल में तोड़फोड़ कर दी। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन की टीम और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए तोड़फोड़ कर रहे प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल करने का प्रयास किया।
