तेंदूपत्ता संग्रहण करने वाले का बेटा बना आईएफएस, वनांचल के अजय ने रचा सफलता का नया इतिहास

0
IMG-20260527-WA0360

रायपुर।

जंगलों में तेंदूपत्ता और महुआ संग्रह कर परिवार का हाथ बंटाने वाला एक युवक आज भारतीय वन सेवा (आईएफएस) अधिकारी बनकर पूरे छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा रहा है। रायगढ़ जिले के संबलपुरी गांव के अजय गुप्ता ने कठिन संघर्ष, मेहनत और लगन के दम पर भारतीय वन सेवा परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर 91वीं रैंक हासिल कर नया इतिहास रच दिया है।अजय गुप्ता ने सोमवार को मुख्यमंत्री से सौजन्य मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि अजय की सफलता केवल उनके परिवार की नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश और विशेष रूप से वनांचल क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।साधारण किसान परिवार में जन्मे अजय का बचपन जंगलों और वनोपज संग्रहण के बीच बीता। गर्मी की छुट्टियों में वे अपने माता-पिता के साथ जंगलों में तेंदूपत्ता और महुआ एकत्रित करने जाते थे। आर्थिक चुनौतियों के बावजूद उन्होंने पढ़ाई को कभी नहीं छोड़ा। अजय ने 10वीं में 92.66 प्रतिशत और 12वीं में 91.40 प्रतिशत अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।शैक्षणिक उत्कृष्टता के आधार पर उन्हें में प्रवेश मिला। यहां अध्ययन के दौरान उन्हें विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ मिला, जिससे आर्थिक कठिनाइयों के बीच भी उनकी पढ़ाई जारी रही। अजय ने लगातार मेहनत करते हुए भारतीय वन सेवा की परीक्षा में सफलता हासिल की।मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की लघु वनोपज संघ छात्रवृत्ति और पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति जैसी योजनाएं प्रतिभाशाली युवाओं के सपनों को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि अजय की उपलब्धि यह साबित करती है कि संसाधनों की कमी कभी भी प्रतिभा की राह में बाधा नहीं बन सकती।अजय का कहना है कि जंगल उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा रहे हैं। बचपन से प्रकृति के साथ बने इसी जुड़ाव ने उन्हें वन सेवा में जाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि एक समय उन्हें लगता था कि उनकी दुनिया गांव तक ही सीमित है, लेकिन शिक्षा और नए अनुभवों ने उनके सपनों को नई उड़ान दी।वनांचल के एक साधारण परिवार से निकलकर आईएफएस अधिकारी बनने तक का अजय गुप्ता का सफर आज हजारों युवाओं को यह संदेश दे रहा है कि कठिन परिस्थितियां सफलता की राह नहीं रोक सकतीं। दृढ़ संकल्प, मेहनत और सही अवसर मिलने पर गांव और वनांचल के युवा भी देश की सर्वोच्च सेवाओं में अपनी पहचान बना सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *