जनदर्शन में उमड़ी फरियादियों की भीड़, एक किलोमीटर से ज्यादा लंबी लगी कतार

0
20261126_112858



सेवा सेतु और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में शिकायत के बाद भी नहीं हुआ समाधान, अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग करेंगे लोग


रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के जनदर्शन कार्यक्रम में गुरुवार को प्रदेश के कोने-कोने से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं और शिकायतें लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री निवास में आयोजित जनदर्शन में फरियादियों की भीड़ इस कदर उमड़ी कि लोगों की कतार एक किलोमीटर से भी अधिक लंबी हो गई। सुबह से ही लोग अपनी बारी का इंतजार करते नजर आए। इस दौरान लोगों से बातचीत में शासन-प्रशासन की शिकायत निवारण व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी सामने आई।
जनदर्शन में पहुंचे कई लोगों का कहना था कि वे अपनी समस्याओं को लेकर पहले ही सेवा सेतु और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दो से तीन बार शिकायत दर्ज करा चुके हैं, लेकिन महीनों बीतने के बाद भी उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ। बार-बार शिकायत करने के बावजूद समाधान नहीं मिलने से अब लोगों का भरोसा संबंधित विभागों की व्यवस्था पर कमजोर पड़ता दिखाई दे रहा है।
लोगों का कहना है कि ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराने और हेल्पलाइन पर गुहार लगाने के बाद भी जब राहत नहीं मिलती, तो आखिरकार मुख्यमंत्री के जनदर्शन में पहुंचने के अलावा उनके पास दूसरा रास्ता क्या बचता है। कई फरियादियों ने अब सीधे मुख्यमंत्री निवास में संबंधित अधिकारियों के नाम के साथ लिखित शिकायत करने और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने की बात कही।
10 महीने बाद जनदर्शन शुरू होने पर भी नाराजगी
लोगों की नाराजगी की एक बड़ी वजह जनदर्शन का लंबे अंतराल के बाद शुरू होना भी है। फरियादियों का कहना है कि मुख्यमंत्री प्रदेश के मुखिया हैं और उन्हें नियमित रूप से आम जनता की समस्याएं सुननी चाहिए। कम से कम महीने में एक बार जनदर्शन आयोजित होना चाहिए, ताकि लोगों को अपनी परेशानी सीधे मुख्यमंत्री तक पहुंचाने का अवसर मिल सके।
फरियादियों का मानना है कि सुशासन का मतलब केवल योजनाएं बनाना और ऑनलाइन शिकायतों की व्यवस्था करना नहीं, बल्कि शिकायतों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करना भी है। यदि सेवा सेतु और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों पर कार्रवाई नहीं होती, तो इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य ही अधूरा रह जाता है।
अब जनदर्शन में उमड़ी भीड़ के बीच सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या मुख्यमंत्री तक पहुंचने वाली शिकायतों के साथ-साथ पहले से लंबित शिकायतों पर भी जिम्मेदारी तय होगी? लोगों को उम्मीद है कि उनकी फरियाद सुनने के साथ संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही भी तय की जाएगी, ताकि उन्हें बार-बार सरकारी दफ्तरों और मुख्यमंत्री निवास के चक्कर न लगाने पड़ें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *