क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड पर भूपेश का हमला, बोले- ‘वोट चोरी’ से कराया गया आयोजन
विष्णुदेव सरकार की छवि बचाने के लिए पीआर इवेंट करने का लगाया आरोप, सोशल मीडिया पर पोस्ट कर साधा निशाना
रायपुर।
छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड 2026 को लेकर प्रदेश की सियासत गरमा गई है। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भूपेश बघेल ने इस आयोजन पर सवाल उठाते हुए इसे ‘वोट चोरी’ करार दिया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर विष्णुदेव साय सरकार पर निशाना साधा।
भूपेश बघेल ने अपनी पोस्ट में आरोप लगाया कि जनता की नजरों में लगातार गिर रही सरकार की छवि बचाने के लिए विष्णुदेव सरकार ने एक पीआर इवेंट आयोजित किया। इसके लिए कई दिनों तक वोटिंग का माहौल बनाया गया। उन्होंने क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड 2026 की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि इस आयोजन में वोटिंग के नाम पर गड़बड़ी की गई।
पूर्व मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड को लेकर राजनीतिक बहस तेज होने के आसार हैं। दरअसल, सोशल मीडिया के दौर में कंटेंट क्रिएटर और इन्फ्लुएंसर के माध्यम से सरकार तथा विभिन्न संस्थाएं अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही हैं। ऐसे में इस आयोजन को लेकर विपक्ष की आपत्ति ने इसे राजनीतिक मुद्दा बना दिया है।
अब देखना होगा कि सरकार और आयोजन से जुड़े जिम्मेदार लोग पूर्व मुख्यमंत्री के आरोपों पर क्या प्रतिक्रिया देते हैं और वोटिंग प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों पर क्या सफाई देते हैं।
