तालाब में समाई तेज रफ्तार कार, ग्रामीणों ने छह लोगों को सुरक्षित निकाला
खारा मेला देखकर लौट रहे थे सभी, ग्रामीणों की तत्परता से टला बड़ा हादसा
कवर्धा। रेंगाखार थाना क्षेत्र के ग्राम सिवनीखुर्द में मंगलवार को एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। कार में छह लोग सवार थे। गनीमत रही कि मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल साहस और तत्परता दिखाते हुए तालाब में उतरकर सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। ग्रामीणों की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा टल गया।
जानकारी के अनुसार, कार सवार सभी लोग दामापुर निवासी बताए जा रहे हैं। वे खारा मेला देखने गए थे। मेला देखकर वापस लौटते समय सिवनीखुर्द गांव के पास तेज रफ्तार कार चालक के नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधे सड़क किनारे स्थित तालाब में जा गिरी। अचानक हुई इस घटना से आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में सवार लोग नशे की हालत में थे। हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। कार को तालाब में गिरते देख आसपास मौजूद ग्रामीण बिना देर किए मदद के लिए दौड़े और सभी छह लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। हादसे में कार सवार लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
घटना के बाद ग्रामीणों की तत्परता और साहस की सराहना हो रही है। यदि समय रहते ग्रामीण मौके पर नहीं पहुंचते तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था। तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के खतरे को यह घटना एक बार फिर उजागर करती है।
