कोरबा को विकास की बड़ी सौगात: 4.85 करोड़ रुपये के कार्यों का
भूमिपूजन और लोकार्पण, राताखार में बनेगी 2 करोड़ की सीसी सड़क
कोरबा।
नगर पालिक निगम कोरबा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विभिन्न वार्डों को 4 करोड़ 85 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिली। प्रदेश के वाणिज्य, उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन तथा महापौर संजूदेवी राजपूत ने 3 करोड़ 75 लाख रुपये के विकास कार्यों का भूमिपूजन और 1 करोड़ 10 लाख रुपये के कार्य का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम में सभापति नूतन सिंह ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।
नगर निगम द्वारा वार्ड क्रमांक-4 राताखार में पुल से बजरंग चौक होते हुए बाईपास सड़क तक 2 करोड़ रुपये की लागत से सीसी सड़क का निर्माण कराया जाएगा। इसके अलावा सतनाम भवन परिसर में 15 लाख रुपये की लागत से अतिरिक्त कक्ष और किचन शेड का निर्माण होगा। वार्ड क्रमांक-3 के मुक्तिधाम में 45 लाख रुपये की लागत से आधुनिक प्रदूषण मुक्त शवदाहगृह स्थापित किया जाएगा। वहीं कोहड़िया स्थित ब्रह्मकुमारी आश्रम के पास अतिरिक्त कक्ष निर्माण, भैंसखटाल ढोढ़ीपारा में सांस्कृतिक मंच निर्माण तथा करीब एक करोड़ रुपये की लागत से टीपी नगर जोन कार्यालय का निर्माण भी किया जाएगा।
इस अवसर पर 1.09 करोड़ रुपये की लागत से सेंट्रल स्टोर से स्टेडियम चौक तक बनाए गए रेलिंगयुक्त डिवाइडर और विद्युतीकरण कार्य का लोकार्पण भी किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में उद्योग, रोजगार और अधोसंरचना विकास के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन हो रहा है, जिससे आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार आ रहा है।
महापौर संजूदेवी राजपूत ने कहा कि निगम क्षेत्र के सभी 67 वार्डों में व्यापक स्तर पर विकास कार्य जारी हैं और धनराशि की कोई कमी नहीं है। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में उद्योग मंत्री के प्रयासों से विभिन्न मदों से लगभग 1,000 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत कराए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि राताखार क्षेत्र में 2 करोड़ रुपये की सीसी सड़क और अन्य विकास कार्यों से स्थानीय नागरिकों को बड़ी राहत मिलेगी।
सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि कोरबा में विकास कार्य दलगत राजनीति से ऊपर उठकर जनहित को केंद्र में रखकर किए जा रहे हैं। वहीं वार्ड पार्षद रवि सिंह चंदेल ने कहा कि राताखार क्षेत्र में सड़क, शवदाहगृह और अन्य बुनियादी सुविधाओं के विकास से क्षेत्र की तस्वीर बदलेगी।
कोरबा नगर निगम क्षेत्र में एक साथ कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के शुभारंभ और लोकार्पण से विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
