महंगी बिजली और कटौती के खिलाफ कांग्रेस का पोस्टर अभियान, भाजपा पर ‘मोदी टैक्स’ वसूलने का आरोप

0
IMG_20260625_141712_202


रायपुर।

छत्तीसगढ़ में बढ़ती बिजली दरों, महंगे बिजली बिल और अघोषित बिजली कटौती को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार के खिलाफ राजधानी रायपुर में विरोध का नया अभियान शुरू किया है। पूर्व संसदीय सचिव एवं कांग्रेस नेता विकास उपाध्याय के नेतृत्व में मंगलवार को डीडी नगर, खमतराई और गुड़ियारी स्थित विद्युत जोनों में पोस्टर चस्पा कर सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया गया।
विकास उपाध्याय ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार बिजली दरों में लगातार बढ़ोतरी कर प्रदेश की जनता से ‘मोदी टैक्स’ वसूल रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेशभर में बिजली उपभोक्ता महंगे बिल, स्मार्ट मीटर से बढ़ी शिकायतों, लो वोल्टेज और अघोषित बिजली कटौती जैसी समस्याओं से परेशान हैं। कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर लगातार आंदोलन कर रही है और आगे भी संघर्ष जारी रहेगा।
पोस्टरों में सरकार पर तंज कसते हुए कई नारे लिखे गए हैं, जिनमें “ये बिजली परान ले लेही, बीजेपी ने दिया 440 का झटका”, “बीजेपी, बिजली और बिल… साय सरकार में सब बेड फील” तथा “चैन से सोना है तो जाग जाओ, बिजली नहीं लालटेन जलाओ” जैसे स्लोगन शामिल हैं। पोस्टरों में इन समस्याओं के लिए सीधे तौर पर भाजपा सरकार को जिम्मेदार बताया गया है।
उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश में लगाए गए स्मार्ट मीटरों के कारण उपभोक्ताओं को अनाप-शनाप बिजली बिल मिलने की शिकायतें बढ़ी हैं। उन्होंने स्मार्ट मीटर योजना की समीक्षा कर इसे वापस लेने की मांग की। साथ ही आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार की बिजली बिल हाफ योजना के तहत लोगों को राहत मिल रही थी, लेकिन वर्तमान सरकार ने उस सुविधा को समाप्त कर आम जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल दिया है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ कभी बिजली उत्पादन के मामले में सरप्लस राज्य माना जाता था, लेकिन आज यहां के नागरिक बिजली संकट का सामना करने को मजबूर हैं। कांग्रेस नेता ने प्रदेशवासियों से बिजली दरों और कटौती के खिलाफ चलाए जा रहे आंदोलन में सहयोग देने और कांग्रेस का साथ देने की अपील की।
इस दौरान डॉ. अन्नू राम साहू, किशन लाल बाजारी, कमलकांत शुक्ला, संदीप शर्मा, योगेश दीक्षित, लखन लाल बाजपेयी, शशिकांत साहू, बृजभूषण शुक्ला, संजीव नायडू, अभिषेक ठाकुर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed