आकाशीय बिजली से बचना है तो अपनाएं ये तरीका, हेल्थ विभाग की अपील

0
IMG-20251128-WA0237


रायपुर।

प्रदेश में मानसून के सक्रिय होने के साथ ही आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। इसे देखते हुए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने और सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। विभाग का कहना है कि थोड़ी-सी सावधानी बरतकर आकाशीय बिजली से होने वाली जनहानि और गंभीर दुर्घटनाओं से बचा जा सकता है।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, यदि मौसम खराब हो, बादल गरज रहे हों या बिजली चमक रही हो तो खुले मैदान, खेत, पहाड़ी, जलाशय और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचें। ऐसी स्थिति में तुरंत किसी पक्के भवन या बंद चारपहिया वाहन में शरण लें। बिजली कड़कने के दौरान नदी, तालाब या अन्य जल स्रोतों से दूर रहें और धातु के कृषि उपकरण, लोहे की रॉड, तार या अन्य धातु की वस्तुओं के संपर्क में खुले स्थान पर न रहें।
विभाग ने लोगों से मौसम विभाग और जिला प्रशासन द्वारा जारी अलर्ट और चेतावनियों का गंभीरता से पालन करने की भी अपील की है। यदि किसी कारणवश खुले स्थान पर फंस जाएं तो जमीन पर पूरी तरह लेटने के बजाय दोनों पैरों को साथ रखकर नीचे झुक जाएं, सिर नीचे रखें और अन्य लोगों से उचित दूरी बनाए रखें। इससे बिजली गिरने की स्थिति में जोखिम कम हो सकता है।
स्वास्थ्य विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी व्यक्ति पर आकाशीय बिजली गिर जाए तो उसे छूना पूरी तरह सुरक्षित होता है। ऐसे व्यक्ति को तुरंत सुरक्षित स्थान पर ले जाकर 108 एम्बुलेंस सेवा को सूचना दें या नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाएं। यदि पीड़ित की सांस या नाड़ी नहीं चल रही हो तो प्रशिक्षित व्यक्ति द्वारा तुरंत सीपीआर (CPR) शुरू किया जा सकता है और बिना देर किए अस्पताल पहुंचाना चाहिए।
स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वर्षाकाल के दौरान स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी आकाशीय बिजली से बचाव के उपायों की जानकारी दें।
स्वास्थ्य विभाग का संदेश:
“जब गरज सुनाई दे, तो तुरंत सुरक्षित स्थान पर जाएं। आपकी सतर्कता ही आपका जीवन बचा सकती है।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *