रायपुर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा 6 जुलाई को, अवैध प्लाटिंग, अतिक्रमण और सफाई व्यवस्था पर होगी अहम चर्चा
रायपुर।
राजधानी रायपुर की प्रमुख जनसमस्याओं को लेकर नगर निगम की विशेष सामान्य सभा (विशेष सम्मिलन) की बैठक 6 जुलाई 2026, सोमवार को सुबह 11 बजे नगर निगम मुख्यालय महात्मा गांधी सदन के चौथे तल स्थित सामान्य सभा सभागार में आयोजित की जाएगी। बैठक में शहर से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा होने की संभावना है।
नगर निगम सचिवालय ने सभापति सूर्यकांत राठौड़ के आदेश पर विशेष बैठक की अधिसूचना जारी की है। इस बैठक का प्रस्ताव महापौर मीनल चौबे ने 8 जून 2026 को पत्र लिखकर रखा था, जिसके बाद विशेष सामान्य सभा बुलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक का मुख्य एजेंडा राजधानी की ज्वलंत नागरिक समस्याओं पर केंद्रित रहेगा। इसमें पेयजल व्यवस्था, अवैध प्लाटिंग एवं अवैध निर्माण, शहर में बढ़ते अतिक्रमण और सफाई व्यवस्था जैसे अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। पार्षद इन विषयों पर अपने-अपने वार्डों की समस्याएं भी सदन में रखेंगे और अधिकारियों से जवाब मांगा जा सकता है।
नगर निगम की इस विशेष सामान्य सभा को इसलिए भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि हाल के दिनों में शहर में अवैध प्लाटिंग, सफाई व्यवस्था की बदहाली, जल संकट और अतिक्रमण को लेकर लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। ऐसे में बैठक में इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस निर्णय लिए जाने की उम्मीद है।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर चर्चा के बाद आवश्यक कार्रवाई के लिए दिशा-निर्देश जारी किए जाएंगे, ताकि राजधानी की मूलभूत नागरिक सुविधाओं में सुधार लाया जा सके।
