राम मंदिर चढ़ावा विवाद पर कांग्रेस का हल्ला बोल, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में जांच की मांग

0
IMG-20260711-WA0076

रायपुर, 11 जुलाई।

राम मंदिर में कथित चढ़ावा और चंदे में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने केंद्र सरकार और भाजपा पर तीखा हमला बोला।

प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में कांग्रेस कार्यसमिति (CWC) सदस्य एवं मध्य प्रदेश शासन के पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने आरोप लगाया कि भगवान राम के नाम पर देशभर से श्रद्धालुओं द्वारा दिए गए चंदे और चढ़ावे में गंभीर गड़बड़ियां हुई हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल आर्थिक मामला नहीं, बल्कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था और विश्वास से जुड़ा विषय है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की मौजूदगी में कमलेश्वर पटेल ने कहा कि यदि सब कुछ पारदर्शी था तो श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के तत्कालीन महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के इस्तीफे क्यों हुए। उन्होंने पूरे मामले की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच, फॉरेंसिक ऑडिट और कथित रूप से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी की मांग की।कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राम मंदिर के बड़े आयोजनों और चढ़ावे से जुड़े वित्तीय लेन-देन को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े हुए हैं, जिनका जवाब केंद्र सरकार और ट्रस्ट को देना चाहिए। पार्टी ने कहा कि केवल छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है, जबकि शीर्ष स्तर की जवाबदेही अब तक तय नहीं हुई है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पहले राम मंदिर निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे को लेकर सवाल उठे और अब चढ़ावे में कथित गड़बड़ियों के आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि राम मंदिर ट्रस्ट के गठन और उसकी कार्यप्रणाली की नैतिक जिम्मेदारी केंद्र सरकार की है तथा प्रधानमंत्री और केंद्रीय नेतृत्व को इस मामले में अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।कांग्रेस ने मांग की कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का पुनर्गठन कर धर्माचार्यों, प्रशासनिक विशेषज्ञों और स्वतंत्र सदस्यों को शामिल करते हुए नया पारदर्शी ट्रस्ट बनाया जाए तथा मंदिर के चंदे, चढ़ावे, भूमि खरीद और सभी खर्चों का स्वतंत्र फॉरेंसिक ऑडिट कर उसकी रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए।

पत्रकार वार्ता में प्रभारी महामंत्री मलकीत सिंह गैदू, संचार विभाग अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला, पूर्व विधायक विकास उपाध्याय, शैलेश नितिन त्रिवेदी, दीपक मिश्रा, श्रीकुमार शंकर मेनन, अशोक राज आहुजा, धनंजय सिंह ठाकुर, सुरेंद्र वर्मा, वंदना राजपूत, डॉ. अजय साहू, सत्यप्रकाश सिंह, अजय गंगवानी, शारिक रईस खान, धर्मेंद्र यादव और विपिन मिश्रा सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे।नोट: यह खबर कांग्रेस नेताओं द्वारा पत्रकार वार्ता में लगाए गए आरोपों और की गई मांगों पर आधारित है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है और संबंधित पक्ष का जवाब इसमें शामिल नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *