सूखे कुएं में फंसा तेंदुआ, वन विभाग ने सीढ़ी के सहारे सुरक्षित निकाला

0
IMG_20260712_185531_559


धमतरी (नगरी)। धमतरी जिले के नगरी वनपरिक्षेत्र के महमल्ला गांव में रविवार सुबह एक सूखे कुएं में तेंदुआ फंस जाने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। करीब पांच घंटे तक चले हाई-वोल्टेज रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद वन विभाग ने बिना ट्रैंक्विलाइज किए सूझबूझ से तेंदुए को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। तेंदुआ बाहर आते ही तेज़ी से पास के जंगल की ओर चला गया।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह ग्रामीणों ने सूखे कुएं से किसी वन्यजीव की दहाड़ सुनी। जब लोगों ने कुएं में झांककर देखा तो उसमें एक तेंदुआ फंसा हुआ था। देखते ही देखते मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल घटनास्थल पहुंची और सबसे पहले भीड़ को सुरक्षित दूरी पर हटाकर रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
आमतौर पर ऐसे मामलों में वन्यजीव को ट्रैंक्विलाइज (बेहोश) कर बाहर निकाला जाता है, लेकिन इस बार वन विभाग ने जोखिम कम करने के लिए कुएं में एक मजबूत सीढ़ी उतारी। कुछ देर तक स्थिति का जायजा लेने के बाद तेंदुआ खुद सीढ़ी पर चढ़ा और फुर्ती से कुएं से बाहर निकल गया। बाहर आते ही उसने किसी पर हमला किए बिना सीधे सामने स्थित घने जंगल की ओर दौड़ लगा दी।
तेंदुए के सुरक्षित रेस्क्यू के बाद वन विभाग और ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। पूरे अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही और किसी भी अप्रिय घटना से बचाव किया गया।
रेस्क्यू अभियान में सांकरा उत्पादन रेंजर संदीप सोम, बिरगुड़ी रेंजर धीरेंद्र साहू, डिप्टी रेंजर ओमप्रकाश चंदनिया सहित करीब 20 वनकर्मी और स्थानीय ग्रामीणों की अहम भूमिका रही। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वन्यजीव दिखाई देने पर घबराने या उसके पास जाने के बजाय तत्काल विभाग को सूचना दें, ताकि सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *