कांकेर-नारायणपुर सीमा पर सुरक्षा बलों की बड़ी कामयाबी, नक्सलियों का डम्प बरामद

0
IMG_20260712_190431_346


दो .303 रायफल, 32 कारतूस, लैपटॉप-टैबलेट समेत बड़ी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्री जब्त


कांकेर।

कांकेर-नारायणपुर सीमा से लगे नक्सल प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षा बलों को संयुक्त सर्चिंग अभियान के दौरान बड़ी सफलता मिली है। सघन तलाशी अभियान के दौरान जवानों ने जंगल में छिपाकर रखा गया नक्सलियों का डम्प बरामद किया, जिसमें हथियार, गोला-बारूद, इलेक्ट्रॉनिक उपकरण, वर्दियां और नक्सली साहित्य सहित बड़ी मात्रा में सामग्री जब्त की गई।
पुलिस के अनुसार, संयुक्त टीम द्वारा क्षेत्र में लगातार सर्चिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान जवानों को नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया डम्प मिला। तलाशी में दो .303 रायफल, 32 राउंड कारतूस, एक लैपटॉप, एक टैबलेट, तीन वायरलेस बैटरियां, एक रेडियो, दो नक्सली वर्दियां, पांच पाउच, दो चार्जर, एक बैटरी तथा नक्सली साहित्य सहित अन्य उपयोगी सामग्री बरामद की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जब्त सामग्री का इस्तेमाल नक्सली संगठन अपने संचालन, संचार और गतिविधियों के लिए करते थे। इस कार्रवाई से नक्सलियों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है तथा सुरक्षा बलों को महत्वपूर्ण सफलता हासिल हुई है।
इस संयुक्त अभियान में बीएसएफ के सहायक कमांडेंट अंकुश कुमार, थाना प्रभारी कोयलीबेड़ा निरीक्षक निर्मल जांगड़े, बीएसएफ इंस्पेक्टर अनुज कुमार, उप निरीक्षक नवीन प्रकाश, उप निरीक्षक सौरभ यादव तथा डीआरजी टीम कमांडर सहायक उप निरीक्षक नरेंद्र नेताम सहित सुरक्षा बलों के जवान शामिल रहे।
पुलिस ने बताया कि कांकेर-नारायणपुर सीमा के नक्सल प्रभावित इलाकों में नक्सलियों के खिलाफ लगातार संयुक्त अभियान संचालित किए जा रहे हैं। क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा नक्सली गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से आने वाले दिनों में भी सघन सर्चिंग अभियान जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *