पावस सत्र को लेकर कार्यमंत्रणा समिति की बैठक, विधानसभा की कार्यवाही पर बनी सहमति
रायपुर।
छत्तीसगढ़ विधानसभा के आगामी पावस सत्र की तैयारियों को लेकर सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की महत्वपूर्ण बैठक विधानसभा के समिति कक्ष में आयोजित की गई। बैठक में सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही, विभिन्न शासकीय कार्यों तथा विधायी कार्यक्रमों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत, उपमुख्यमंत्री अरुण साव, संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी सहित कार्यमंत्रणा समिति के अन्य सदस्य मौजूद रहे।
बैठक के दौरान पावस सत्र को सुचारु, प्रभावी और व्यवस्थित ढंग से संचालित करने को लेकर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही सदन में होने वाले शासकीय कार्यों एवं विधायी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी सहमति बनी।
पावस सत्र में सरकार की ओर से कई महत्वपूर्ण विषयों और विधेयकों पर चर्चा होने की संभावना है। वहीं विपक्ष भी जनहित के विभिन्न मुद्दों को सदन में प्रमुखता से उठाने की तैयारी में है। ऐसे में कार्यमंत्रणा समिति की यह बैठक पावस सत्र की रणनीति तय करने की दृष्टि से अहम मानी जा रही है।
