रिश्वत लेते वीडियो वायरल, कलेक्टर का बड़ा एक्शन: पटवारी रामकुमार जांगड़े निलंबित
राजनांदगांव।
सोशल मीडिया पर एक व्यक्ति से नगद राशि लेते हुए कथित वीडियो वायरल होने के मामले में राजनांदगांव कलेक्टर ने सख्त कार्रवाई करते हुए डोंगरगढ़ तहसील के पटवारी रामकुमार जांगड़े को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर ने उनके विरुद्ध विभागीय जांच संस्थित करने के भी निर्देश जारी किए हैं।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसमें डोंगरगढ़ तहसील में पदस्थ पटवारी रामकुमार जांगड़े एक व्यक्ति से नकद राशि लेते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया और प्रारंभिक परीक्षण के बाद कलेक्टर ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई की।
जारी आदेश के अनुसार, जांच पूरी होने तक रामकुमार जांगड़े निलंबित रहेंगे। साथ ही विभागीय स्तर पर विस्तृत जांच कर पूरे मामले की वस्तुस्थिति का पता लगाया जाएगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी सेवकों के आचरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता, भ्रष्टाचार अथवा अनुशासनहीनता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शासन की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर की इस कार्रवाई को प्रशासनिक सख्ती और पारदर्शिता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर त्वरित कार्रवाई से यह संदेश गया है कि शिकायतों और सार्वजनिक रूप से सामने आए मामलों को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
