छत्तीसगढ़ को बड़ी सौगात: प्रदेश के पांच नए मेडिकल कॉलेजों को मिली मान्यता, 250 नई MBBS सीटों का रास्ता साफ
रायपुर।
छत्तीसगढ़ में चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। प्रदेश के पांच नए शासकीय मेडिकल कॉलेजों को मान्यता मिल गई है। इसके साथ ही आगामी शैक्षणिक सत्र से कवर्धा (कबीरधाम), जांजगीर-चांपा, मनेंद्रगढ़, कुनकुरी (जशपुर) और दंतेवाड़ा में एमबीबीएस की 50-50 सीटों पर प्रवेश का मार्ग प्रशस्त हो गया है। इन पांचों कॉलेजों के शुरू होने से राज्य में कुल 250 नई एमबीबीएस सीटें जुड़ जाएंगी, जिससे प्रदेश के छात्रों को मेडिकल शिक्षा के लिए अधिक अवसर मिलेंगे।
इन मेडिकल कॉलेजों की शुरुआत से न केवल मेडिकल शिक्षा का विस्तार होगा, बल्कि दूरस्थ और आदिवासी अंचलों में विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाओं को भी मजबूती मिलेगी। वर्षों से इन जिलों में मेडिकल कॉलेज की मांग की जा रही थी। अब स्थानीय छात्रों को अपने ही क्षेत्र में डॉक्टर बनने का अवसर मिलेगा, वहीं अस्पतालों में विशेषज्ञ चिकित्सकों और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाओं का भी विस्तार होगा।
राज्य सरकार का मानना है कि नए मेडिकल कॉलेज शुरू होने से प्रदेश में डॉक्टरों की उपलब्धता बढ़ेगी और स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में भी उल्लेखनीय सुधार आएगा। मेडिकल शिक्षा के विस्तार के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।
पांच नए मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस सीटें
कवर्धा (कबीरधाम) – 50 सीट
जांजगीर-चांपा – 50 सीट
मनेंद्रगढ़ – 50 सीट
कुनकुरी (जशपुर) – 50 सीट
दंतेवाड़ा – 50 सीट
इस निर्णय को चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य अधोसंरचना के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे प्रदेश के विद्यार्थियों के साथ-साथ आम नागरिकों को भी दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
