राष्ट्रीय राजमार्ग पर दर्दनाक हादसा: खड़े ट्रैक्टर से स्कूटी टकराई, चार की मौत, एक मासूम गंभीर

0
IMG_20260716_144548_548

भिलाई।

दुर्ग जिले के भिलाई-3 थाना क्षेत्र में गुरुवार को राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया। सड़क किनारे खड़े ऑक्सीजन सिलेंडरों से लदे ट्रैक्टर से स्कूटी की जोरदार टक्कर हो जाने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ वर्षीय बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स रायपुर रेफर किया गया है।पुलिस से मिली प्रारंभिक जानकारी के अनुसार अमृत निर्मलकर (28 वर्ष) स्कूटी चला रही थीं। उनके साथ कुल पांच लोग रायपुर के बसंत विहार स्थित अपने मामा के घर जा रहे थे। इसी दौरान भिलाई-3 थाना क्षेत्र के राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क किनारे खड़े क्रमांक CG 07 NA 0930 के ट्रैक्टर, जिसमें ऑक्सीजन सिलेंडर लदे हुए थे, से उनकी स्कूटी पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चार लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।हादसे में अमृत निर्मलकर (28 वर्ष), लक्ष्मी निर्मलकर (26 वर्ष), सात वर्षीय यासना और चार वर्षीय डाली की दर्दनाक मौत हो गई। वहीं आठ वर्षीय भावेश गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसका इलाज एम्स रायपुर में जारी है। मासूम की हालत चिंताजनक बताई जा रही है।घटना की सूचना मिलते ही भिलाई-3 पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सुपेला स्थित मर्चुरी भेज दिया गया है। पुलिस ने मृतकों के परिजनों को घटना की जानकारी दे दी है, जिसके बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को पुलिस ने जब्त कर थाना परिसर में खड़ा कर दिया है। ट्रैक्टर चालक भोला यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर ट्रैक्टर किन परिस्थितियों में खड़ा था और क्या सड़क सुरक्षा संबंधी नियमों का पालन किया गया था।भिलाई-3 थाना पुलिस के अनुसार मामले की विस्तृत विवेचना जारी है। जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर सड़क सुरक्षा और लापरवाही के गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *