मोदी की गारंटी और सुशासन से बदल रहा छत्तीसगढ़ : मुख्यमंत्री साय
झेरिया यादव समाज के महासम्मेलन में बोले मुख्यमंत्री, रायपुर में सामाजिक भवन के लिए 15 लाख की घोषणा
रायपुर।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गारंटी, सुशासन की नीति और जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से छत्तीसगढ़ तेजी से विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रदेश सरकार किसानों, महिलाओं, युवाओं, गरीबों और समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। डबल इंजन सरकार ने ढाई वर्षों में अधिकांश मोदी गारंटियों को पूरा कर जनता का विश्वास मजबूत किया है।
मुख्यमंत्री शनिवार को रायपुर के ग्राम बरौदा में आयोजित झेरिया यादव समाज के महासम्मेलन एवं नवनिर्मित सामाजिक भवन के लोकार्पण समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर उन्होंने रायपुर में झेरिया यादव समाज के नए सामाजिक भवन के निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की घोषणा की तथा ग्राम बरौदा में नवनिर्मित सामाजिक भवन का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यादव समाज भारतीय संस्कृति, गौ-सेवा, धर्म और सामाजिक समरसता की गौरवशाली परंपरा का संवाहक है। भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों पर चलने वाला यह समाज सामाजिक एकता और सेवा का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि संगठित समाज ही मजबूत राष्ट्र की आधारशिला होता है और ऐसे सम्मेलन समाज को नई ऊर्जा प्रदान करते हैं।
मोदी की गारंटियों को तेजी से किया पूरा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार बनने के बाद पहली ही कैबिनेट बैठक में 18 लाख प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया गया। इसके अलावा विशेष पिछड़ी जनजातियों (पीवीटीजी) के लिए 32 हजार प्रधानमंत्री आवास स्वीकृत कर अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाने का कार्य किया गया।
किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान का मूल्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद रही है। किसानों की आय बढ़ाने और खेती को लाभकारी बनाने के लिए सरकार लगातार प्रभावी कदम उठा रही है।
महतारी वंदन योजना से महिलाओं को आर्थिक मजबूती
उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की महिलाओं के खातों में हर महीने एक हजार रुपये की राशि सीधे अंतरित की जा रही है। इससे महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण हुआ है और परिवारों की आर्थिक सुरक्षा भी मजबूत हुई है।
बस्तर में विकास और शांति का नया दौर
मुख्यमंत्री ने कहा कि कभी नक्सलवाद से प्रभावित रहा बस्तर अब विकास की नई राह पर आगे बढ़ रहा है। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है और विकास की मुख्यधारा दूरस्थ गांवों तक पहुंच रही है।
रामलला दर्शन योजना से जुड़ रही आस्था
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ भगवान श्रीराम का ननिहाल है। रामलला दर्शन योजना के माध्यम से अब तक 50 हजार से अधिक श्रद्धालु अयोध्या धाम में प्रभु श्रीराम के दर्शन कर चुके हैं। सरकार “विकास भी, विरासत भी” के संकल्प के साथ कार्य कर रही है।
डिजिटल सुशासन से आसान हो रही सरकारी सेवाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का पहला राज्य है जहां सुशासन एवं अभिसरण विभाग की स्थापना की गई है। सरकारी सेवाओं को पारदर्शी, जवाबदेह और समयबद्ध बनाने के लिए तेजी से डिजिटलीकरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 के माध्यम से नागरिक चौबीसों घंटे अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं, जबकि हर पंचायत में स्थापित किए जा रहे अटल डिजिटल सेवा केंद्रों के जरिए लोगों को विभिन्न प्रमाणपत्र और सरकारी सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा, विधायक रामकुमार यादव, झेरिया यादव समाज के प्रदेश अध्यक्ष जगनीक यादव, भगत सिंह यादव, आशा संतोष यादव सहित प्रदेशभर से आए समाज के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।
