टॉयलेट में बर्तन धोने का वीडियो वायरल, पापा ढाबा का लाइसेंस निलंबित
सक्ती जिले के हरेठी गांव का मामला, संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लाइसेंस निरस्त करने की चेतावनी
जांजगीर/सक्ती।
सक्ती जिले के हरेठी गांव स्थित ‘पापा ढाबा’ में टॉयलेट के अंदर बर्तन धोने का कथित वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। मामले को गंभीर खाद्य सुरक्षा उल्लंघन मानते हुए विभाग ने ढाबे का खाद्य लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो में ढाबे के कर्मचारियों द्वारा शौचालय के अंदर बर्तनों की सफाई करते हुए दिखाई देने का दावा किया गया है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी फैल गई, जिसके बाद खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मामले की जांच शुरू की।
जांच के दौरान प्रथम दृष्टया खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों के उल्लंघन के संकेत मिलने पर विभाग ने ढाबा संचालक को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यदि संचालक की ओर से दिया गया जवाब संतोषजनक नहीं पाया गया, तो खाद्य लाइसेंस स्थायी रूप से निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने कहा कि खाद्य प्रतिष्ठानों में स्वच्छता के नियमों से किसी भी प्रकार का समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। आम लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट संचालकों से खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील की है तथा चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
