मॉडिफाइड साइलेंसर लगाने वाले वाहन चालक पर ₹5 हजार का जुर्माना

0


ध्वनि प्रदूषण रोकने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस की सख्त कार्रवाई, नियम तोड़ने वालों को दी चेतावनी


मोहला।

जिले में ध्वनि प्रदूषण पर नियंत्रण और आम नागरिकों को अनावश्यक शोर से राहत दिलाने के उद्देश्य से थाना मोहला पुलिस ने रविवार को मॉडिफाइड साइलेंसर लगे दोपहिया वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान सड़कों पर चल रहे वाहनों की सघन जांच की गई और अत्यधिक आवाज करने वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों पर कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई. पी. सिंह के मार्गदर्शन में चलाए गए अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करते पाए गए दोमेश्वर नुरेटी, निवासी ग्राम माडिंग के वाहन की जांच की गई। वाहन में अवैध रूप से मॉडिफाइड साइलेंसर लगा होने की पुष्टि होने पर मोटरयान अधिनियम के तहत ₹5,000 का चालान काटा गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मॉडिफाइड साइलेंसर से निकलने वाली तेज आवाज न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाती है, बल्कि आम लोगों, विद्यार्थियों, बुजुर्गों और मरीजों के लिए भी परेशानी का कारण बनती है। ऐसे वाहनों के कारण सड़क सुरक्षा और कानून-व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
थाना मोहला पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों में अवैध मॉडिफाइड साइलेंसर का उपयोग न करें और मोटरयान अधिनियम के नियमों का पालन करें। पुलिस ने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी इस तरह के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *