डौण्डी पुलिस ने चोरी का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार; 18 हजार रुपये का चोरी का सामान बरामद
दल्लीराजहरा/डौण्डी।
बालोद जिले की डौण्डी थाना पुलिस ने चोरी के मामले का सफल खुलासा करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो बैटरियां और एक साउंड बॉक्स सहित करीब 18 हजार रुपये का चोरी गया सामान बरामद किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक किरण गंगाराम चव्हाण के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोनिका ठाकुर के मार्गदर्शन तथा नगर पुलिस अधीक्षक (राजहरा) विकास पाटले के पर्यवेक्षण में की गई।
पुलिस के अनुसार, ग्राम भर्रीटोला निवासी ओवेन्द्र कुमार यादव ने डौण्डी थाना में शिकायत दर्ज कराई थी कि 25-26 जून 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोरों ने उनकी तूफान वाहन में लगा साउंड बॉक्स तथा उनके ट्रैक्टर और गांव के एक अन्य ट्रैक्टर से बैटरियां चोरी कर ली थीं। चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 18 हजार रुपये बताई गई थी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डौण्डी पुलिस ने विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने तीन संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली, जिसके बाद उनकी निशानदेही पर चोरी की दो बैटरियां और एक साउंड बॉक्स बरामद कर लिया गया।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
डौण्डी पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में चोरी की वारदातों पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।
