राजस्व रिकॉर्ड में गड़बड़ी पर बड़ी कार्रवाई: पटवारी अम्बा उपाध्याय निलंबित
बेमेतरा।
जिले में राजस्व अभिलेखों में अनियमितताओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई के निर्देशन में चल रही कार्रवाई के तहत ग्राम निनवा के पटवारी हल्का क्रमांक-40 की पटवारी श्रीमती अम्बा उपाध्याय को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), बेमेतरा द्वारा जारी आदेश में राजस्व अभिलेखों में पाई गई अनियमितताओं को गंभीर मानते हुए यह कार्रवाई की गई है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राजस्व रिकॉर्ड में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या नियमों के उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाई ने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि राजस्व अभिलेखों का संधारण पूरी पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के अनुरूप किया जाए। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों के हितों से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई को राजस्व व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
