वाहन और जमीन के नाम पर करोड़ों की ठगी का भंडाफोड़, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

0
IMG_20260724_161949_079


रायगढ़।

जिले की तमनार पुलिस ने वाहन खरीदी-बिक्री और जमीन दलाली की आड़ में संचालित करोड़ों रुपये की ठगी का बड़ा खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी कृष्ण कुमार साहू को गिरफ्तार किया है। जांच में अब तक 1 करोड़ 10 लाख रुपये से अधिक की ठगी सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक स्कॉर्पियो और एक बोलेरो वाहन भी जब्त किए हैं।
मामले का खुलासा एक पीड़ित द्वारा दर्ज कराई गई 44 लाख रुपये की ठगी की शिकायत के बाद हुआ। जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को पता चला कि आरोपी लंबे समय से लोगों को जमीन दिलाने, वाहन खरीद-बिक्री में मोटा मुनाफा कराने और निवेश पर अधिक लाभ का झांसा देकर बड़ी रकम ऐंठ रहा था।
जैसे-जैसे जांच आगे बढ़ी, कई अन्य पीड़ित भी सामने आए। अब तक की जांच में 1.10 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी का खुलासा हो चुका है। पुलिस को आशंका है कि पीड़ितों की संख्या और ठगी की रकम दोनों बढ़ सकती हैं।
तमनार पुलिस ने आरोपी कृष्ण कुमार साहू को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में आर्थिक लेन-देन, बैंक खातों और अन्य संपत्तियों की भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि इस पूरे फर्जीवाड़े में आरोपी के साथ अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।
पुलिस ने ऐसे मामलों में लोगों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा है कि वाहन खरीद-बिक्री, जमीन सौदे या निवेश से पहले संबंधित दस्तावेजों और व्यक्ति की पूरी जांच-पड़ताल अवश्य करें। वहीं, इस मामले में यदि कोई अन्य व्यक्ति भी ठगी का शिकार हुआ है तो वह सामने आकर पुलिस से संपर्क कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed