बलौदाबाजार में भीषण सड़क हादसा: बस-ट्रक की सीधी टक्कर, 16 घायल, 3 की हालत गंभीर
संकरी बाईपास मोड़ फिर बना ‘ब्लैक स्पॉट’, दुर्घटना के बाद मची अफरा-तफरी, पुलिस ने संभाला मोर्चा
बलौदाबाजार।
बलौदाबाजार-रायपुर मार्ग पर स्थित संकरी बाईपास मोड़ एक बार फिर बड़े सड़क हादसे का गवाह बना। शुक्रवार रात करीब 8:15 से 8:30 बजे के बीच यात्रियों से भरी एक बस और ट्रक की आमने-सामने की जोरदार टक्कर में 16 यात्री घायल हो गए, जिनमें तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, रॉयल ट्रैवल्स की यात्री बस क्रमांक CG 04 EA 0368 रायपुर की ओर से आ रही थी। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से संकरी बाईपास मोड़ पर उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर एंबुलेंस के जरिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों का इलाज डॉक्टरों की निगरानी में जारी है।
फिर चर्चा में आया संकरी बाईपास मोड़
संकरी बाईपास मोड़ लंबे समय से बलौदाबाजार का सबसे खतरनाक ‘ब्लैक स्पॉट’ माना जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले कुछ वर्षों में इस स्थान पर एक दर्जन से अधिक सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें कई लोगों की जान भी जा चुकी है। इसके बावजूद दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अब तक प्रभावी और स्थायी कदम नहीं उठाए गए हैं।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे के बाद कुछ समय के लिए दोनों ओर का यातायात रोक दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल कराया और मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
लगातार हो रहे हादसों ने एक बार फिर संकरी बाईपास मोड़ की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने यहां स्थायी सुरक्षा उपाय, बेहतर संकेतक और सड़क सुधार कार्य जल्द कराने की मांग की है।
