जांजगीर-चांपा में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि मामले की जांच के लिए राज्य स्तरीय समिति गठित
एक माह के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश, स्वास्थ्य सेवाएं संचालनालय ने जारी किया आदेश
रायपुर/जांजगीर-चांपा।
छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिला चिकित्सालय में परिवार नियोजन प्रोत्साहन राशि एवं जीवनदीप समिति के अंतर्गत नियुक्तियों में कथित अनियमितताओं से जुड़ी शिकायतों की जांच के लिए राज्य शासन ने राज्य स्तरीय जांच समिति का गठन कर दिया है।
संचालनालय स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ द्वारा 13 जुलाई 2026 को जारी आदेश के अनुसार, प्राप्त शिकायतों की निष्पक्ष जांच के लिए पांच सदस्यीय समिति बनाई गई है। समिति पूरे प्रकरण की जांच कर एक माह के भीतर अपनी रिपोर्ट आयुक्त सह संचालक, स्वास्थ्य सेवाएं को सौंपेगी।
जांच समिति में शामिल अधिकारी
श्री के.एस. मरावी – वित्त नियंत्रक (अध्यक्ष)
श्रीमती प्रेमलता चंदेल – संयुक्त संचालक (सदस्य)
श्री भावेश दुबे – अपर संचालक (वित्त), NHM (सदस्य)
डॉ. टी.के. टोंडर – उप संचालक, परिवार कल्याण (सदस्य)
श्री शैलेंद्र मिश्रा – राज्य वित्त प्रबंधक, NHM (सदस्य)
स्वास्थ्य विभाग के इस फैसले को मामले की गंभीरता से जोड़कर देखा जा रहा है। जांच समिति शिकायतों के सभी बिंदुओं की पड़ताल करेगी और दोषी पाए जाने पर आगे की कार्रवाई का रास्ता साफ हो सकता है।
स्वास्थ्य विभाग के इस आदेश के बाद जांजगीर-चांपा स्वास्थ्य महकमे में हलचल तेज हो गई है। अब सभी की निगाहें जांच समिति की रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे पूरे मामले की वास्तविक स्थिति सामने आने की उम्मीद है।
