छत्तीसगढ़ में मौसम का अलर्ट: अगले तीन घंटे कई जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवा के साथ बारिश की संभावना
रायपुर।
छत्तीसगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के रायपुर मौसम केंद्र ने सोमवार सुबह जारी जिला स्तरीय नाउकास्ट चेतावनी में प्रदेश के अनेक जिलों में अगले तीन घंटे के दौरान गरज-चमक, आकाशीय बिजली, 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा और बारिश की संभावना जताई है। यह चेतावनी सुबह 7:08 बजे से 10:08 बजे तक प्रभावी रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तर बस्तर कांकेर, धमतरी, बालोद, राजनांदगांव, गरियाबंद, महासमुंद, बलौदाबाजार, जांजगीर-चांपा, रायगढ़, बिलासपुर, दुर्ग, बेमेतरा, कबीरधाम और मुंगेली जिलों के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ मध्यम बारिश तथा आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।
इसके अलावा सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, बस्तर, नारायणपुर, कोंडागांव, कोरबा, जशपुर, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायपुर, सरगुजा, सूरजपुर, कोरिया और बलरामपुर सहित कई अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के नीचे खड़े होने से बचने की अपील की है। किसानों, यात्रियों और खुले स्थानों पर कार्य करने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। आकाशीय बिजली चमकने की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर शरण लेने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की सलाह दी गई है।
प्रदेश के कई हिस्सों में लगातार बदल रहे मौसम को देखते हुए प्रशासन ने भी नागरिकों से मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है।
