हाईवे पर खड़े कंटेनर में पीछे से घुसी तेज रफ्तार कार, बड़ा हादसा टला
राजनांदगांव।
जिले के चिचोला-महाराजपुर स्थित नेशनल हाईवे पर रविवार को एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े कंटेनर के पीछे जा घुसी। हादसा इतना जोरदार था कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई और चालक को केवल हल्की चोटें आईं।
जानकारी के अनुसार, कंटेनर (क्रमांक NL-01-AG-7341) अपनी लेन में खड़ा था। इसी दौरान राजनांदगांव की ओर से आ रही कार (क्रमांक CG-08-L-9215) तेज रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर कंटेनर के पिछले हिस्से से टकरा गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम और डायल-112 तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल चालक को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई। चालक को मामूली चोटें आने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि टक्कर की रफ्तार कुछ और अधिक होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हादसे की वजह माना जा रहा है।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर निर्धारित गति सीमा का पालन करें और सड़क किनारे खड़े वाहनों के पास अतिरिक्त सतर्कता बरतें, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं से बचा जा सके।
