एकलव्य आवासीय विद्यालय में छात्रों का फूटा गुस्सा, विधायक की गाड़ी घेरकर सुनाई आपबीती

0


कोरबा।

जिले के छुरी कला स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में अव्यवस्थाओं से नाराज छात्रों का गुस्सा सोमवार को खुलकर सामने आ गया। विद्यालय पहुंचे कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल और जिला पंचायत अध्यक्ष की गाड़ी को छात्रों ने घेर लिया और विद्यालय में व्याप्त समस्याओं की जानकारी दी।
छात्रों ने आरोप लगाया कि विद्यालय में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता बेहद खराब है। खाने की थाली में कीड़े रेंगते मिले, जबकि कई छात्रों को एक्सपायरी डेट के खाद्य पदार्थ और दवाइयां बांटे जाने का भी आरोप लगाया गया। छात्रों ने बताया कि दूषित भोजन और गंदा पानी पीने के कारण कई बच्चे खाज-खुजली समेत अन्य त्वचा संबंधी बीमारियों से पीड़ित हैं।
आक्रोशित छात्रों ने विद्यालय के प्राचार्य डॉ. अहमद खान को तत्काल हटाने की मांग करते हुए विधायक के सामने अपनी आपबीती सुनाई। छात्रों का कहना था कि लंबे समय से शिकायतों के बावजूद कोई सुधार नहीं हुआ, जिससे उन्हें मजबूर होकर विरोध प्रदर्शन करना पड़ा।
मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक प्रेमचंद पटेल ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली और सहायक आयुक्त को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि जांच में लापरवाही या अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद विद्यालय प्रशासन और आदिवासी विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। अब सभी की निगाहें जांच रिपोर्ट और प्रशासन द्वारा की जाने वाली कार्रवाई पर टिकी हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *