संजू बाबा के जन्मदिन पर जश्न मनाने हाईकोर्ट पहुंचे बिलासपुर के ‘चिट्टू अवस्थी’, शर्तों के साथ मिली अनुमति

0




एसडीएम ने आवेदन किया था निरस्त, पिछले साल के हंगामे के बाद इस बार हाईकोर्ट ने सड़क जाम, शोर-शराबा और आमजन को परेशानी न होने की शर्त रखी।


बिलासपुर।

बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त (संजू बाबा) के कट्टर प्रशंसक गुरुदेव अवस्थी उर्फ ‘चिट्टू अवस्थी’ एक बार फिर चर्चा में हैं। संजय दत्त का जन्मदिन सार्वजनिक रूप से मनाने की अनुमति नहीं मिलने पर उन्होंने एसडीएम के आदेश को चुनौती देते हुए छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया। हाईकोर्ट ने उनकी याचिका पर सुनवाई करते हुए सशर्त अनुमति प्रदान कर दी।
कोर्ट ने स्पष्ट किया कि आयोजन के दौरान सड़क जाम नहीं होना चाहिए, तेज आवाज में डीजे या शोर-शराबा नहीं किया जाएगा और आम जनता की आवाजाही में किसी प्रकार की बाधा नहीं आनी चाहिए। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने और प्रशासन के सभी निर्देशों का पालन करने की भी शर्त लगाई गई।
दरअसल, पिछले वर्ष संजय दत्त के जन्मदिन के आयोजन के दौरान शहर के बीचों-बीच बड़ी संख्या में लोग जुट गए थे। सड़क पर जाम लगने से आम लोगों और एक एम्बुलेंस तक को परेशानी हुई थी। इस मामले में पुलिस ने आयोजक गुरुदेव अवस्थी उर्फ चिट्टू अवस्थी के खिलाफ कार्रवाई भी की थी।
गुरुदेव अवस्थी पिछले करीब तीन दशक से अभिनेता संजय दत्त का जन्मदिन विशेष अंदाज में मनाते रहे हैं। वे खुद को संजय दत्त का सबसे बड़ा प्रशंसक बताते हैं और हर साल इस आयोजन में बड़ी संख्या में लोगों को शामिल करते हैं। इसी पृष्ठभूमि को देखते हुए प्रशासन ने इस बार अनुमति देने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद मामला हाईकोर्ट पहुंचा।
हाईकोर्ट के आदेश के बाद अब आयोजन निर्धारित शर्तों और प्रशासन की निगरानी में किया जा सकेगा। कोर्ट ने साफ संकेत दिया है कि यदि किसी भी शर्त का उल्लंघन हुआ तो प्रशासन आवश्यक कार्रवाई करने के लिए स्वतंत्र होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *