सोशल मीडिया पोस्ट पर पटवारी निलंबित, इस्तीफे से जुड़ी पोस्ट शेयर करना पड़ा भारी
बलरामपुर।
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के कथित इस्तीफे से जुड़ी सोशल मीडिया पोस्ट साझा करना एक पटवारी को महंगा पड़ गया। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के डौरा-कोयली हल्का के पटवारी सम्प्रीत एक्का को सोशल मीडिया पर राजनीतिक गतिविधियों से संबंधित पोस्ट प्रसारित करने के आरोप में एसडीएम बलरामपुर ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जारी आदेश के अनुसार, पटवारी द्वारा 25 जुलाई 2026 को व्हाट्सएप स्टेटस/सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से संबंधित राजनीतिक पोस्ट साझा की गई थी। मामले की शिकायत मिलने पर प्रशासन ने उनसे स्पष्टीकरण मांगा था। हालांकि, प्रस्तुत जवाब को संतोषजनक नहीं माना गया।
आदेश में उल्लेख किया गया है कि पटवारी का यह आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम 5, 6 और 9 का उल्लंघन है। इसी आधार पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय तहसील कार्यालय, बलरामपुर निर्धारित किया गया है। इस अवधि में उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद सरकारी कर्मचारियों द्वारा सोशल मीडिया के उपयोग और राजनीतिक विषयों पर सार्वजनिक टिप्पणी को लेकर एक बार फिर चर्चा तेज हो गई है।
