एनएच के सब इंजीनियर के सूने मकान में बड़ी चोरी, 25 से 30 लाख के जेवरात पार
अंबिकापुर। शहर के एमजी रोड स्थित कोणार्क रेजीडेंसी में चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) विभाग के एक सब इंजीनियर के सूने मकान से करीब 25 से 30 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, सब इंजीनियर अपने परिवार के साथ वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन के लिए गए हुए थे। इसी दौरान सूने मकान का फायदा उठाकर अज्ञात चोर घर में घुस गए और अलमारी में रखे कीमती जेवरात समेटकर फरार हो गए।
परिवार के अंबिकापुर लौटने पर घर का सामान बिखरा मिला और अलमारी का लॉक टूटा हुआ था। जांच करने पर लाखों रुपये के जेवरात गायब मिले, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस हाई-प्रोफाइल चोरी की घटना ने शहर में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
