भिलाई बचाओ’ पदयात्रा में कांग्रेसियों का हंगामा, बैरिकेड्स तोड़ने की कोशिश, पुलिस से धक्कामुक्की
राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने निकले कार्यकर्ताओं ने लगाए ‘हमारा हक लेकर रहेंगे’ के नारे, सुरक्षा व्यवस्था के बीच बढ़ा तनाव
रायपुर।
‘भिलाई बचाओ’ अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बुधवार को जोरदार प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपने के लिए पदयात्रा निकाली। मुकेश चंद्राकर के नेतृत्व में निकली इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।
राज्यपाल को ज्ञापन सौंपने जा रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने रास्ते में बैरिकेडिंग की थी। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स पार करने का प्रयास किया, जिससे पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्कामुक्की की स्थिति बन गई। कुछ कार्यकर्ताओं ने बैरिकेड्स तोड़कर आगे बढ़ने की कोशिश भी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “हमारा हक लेकर रहेंगे” और “भिलाई बचाओ” जैसे नारों से पूरे क्षेत्र को गुंजायमान कर दिया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि ‘भिलाई बचाओ’ अभियान के माध्यम से शहर से जुड़े विभिन्न जनहित के मुद्दों को उठाया जा रहा है। इसी सिलसिले में राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपकर सरकार का ध्यान समस्याओं की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल मौके पर पुलिस और प्रशासन की निगरानी में स्थिति नियंत्रण में है, जबकि प्रदर्शन और ज्ञापन सौंपने की प्रक्रिया को लेकर सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।
