प्लेसमेंट कर्मचारियों की हड़ताल को मिला अधिकारी-कर्मचारी एकता संघ का समर्थन, सरकार से मांगों पर शीघ्र निर्णय की अपील

0
IMG-20260805-WA0291(1)


रायपुर। छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ की दो दिवसीय प्रस्तावित हड़ताल को अब रायपुर नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी एकता संघ का भी समर्थन मिल गया है। महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को एकता संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव से सौजन्य भेंट कर उन्हें मांगपत्र सौंपा और आंदोलन के समर्थन का आग्रह किया।
बैठक के दौरान एकता संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव ने प्लेसमेंट कर्मचारियों की मांगों को पूरी तरह न्यायोचित बताते हुए उनका खुलकर समर्थन किया। उन्होंने कहा कि वर्षों से अपनी सेवाएं दे रहे प्लेसमेंट कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होना चाहिए, ताकि उन्हें उचित सम्मान और न्याय मिल सके।
महासंघ की प्रमुख मांगों में संचालनालय नगरीय प्रशासन विभाग में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों की तरह नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को भी संविदा दर पर वेतन भुगतान तथा नगरीय निकायों में चार नए श्रम कानूनों को लागू करना शामिल है। इन्हीं मांगों को लेकर महासंघ ने 6 और 7 अगस्त 2026 को दो दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है।
प्रमोद जाधव ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव से अपील की कि प्लेसमेंट कर्मचारियों की मांगों पर संवेदनशीलता के साथ विचार करते हुए उनका जल्द समाधान किया जाए। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की न्यायसंगत मांगों का निराकरण होने से न केवल उनका मनोबल बढ़ेगा, बल्कि नगरीय निकायों की कार्यप्रणाली भी अधिक प्रभावी होगी।
रायपुर नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी एकता संघ ने विश्वास जताया कि राज्य सरकार कर्मचारियों की समस्याओं का सकारात्मक समाधान निकालते हुए उनकी मांगों को शीघ्र पूरा करेगी। ऐसे में 6 और 7 अगस्त की प्रस्तावित हड़ताल से पहले सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच सार्थक पहल की उम्मीद भी जताई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *