नगर निगम में दो दिवसीय हड़ताल का असर, ठप पड़ा कामकाज; प्लेसमेंट कर्मचारियों के समर्थन में कर्मचारी एकता संघ

0
IMG-20260806-WA0153


टीकरापारा वर्कशॉप में खड़े हुए वाहन
रायपुर, 6 अगस्त।

छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ की दो दिवसीय हड़ताल का असर गुरुवार से रायपुर नगर निगम में साफ दिखाई देने लगा। प्लेसमेंट कर्मचारियों के काम पर नहीं आने से नगर निगम का अधिकांश कामकाज प्रभावित हो गया है। कई शाखाओं में फाइलों की आवाजाही थम गई है और प्रशासनिक कार्यों की रफ्तार भी धीमी पड़ गई है।
नगर निगम के अधिकांश कार्यालयों में दैनिक कार्यों का बड़ा हिस्सा प्लेसमेंट कर्मचारियों के जिम्मे रहता है। ऐसे में उनकी हड़ताल से कार्यालयीन व्यवस्था प्रभावित हो गई है। अधिकारियों के कई प्रशासनिक कार्य भी लंबित हो गए हैं, जिससे आम नागरिकों को मिलने वाली सेवाओं पर भी असर पड़ने की संभावना है।
हड़ताल कर रहे प्लेसमेंट कर्मचारियों को रायपुर नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी एकता संघ का भी समर्थन मिला है। एकता संघ ने कर्मचारियों की मांगों को न्यायोचित बताते हुए सरकार से जल्द सकारात्मक निर्णय लेने की अपील की है।
इधर, हड़ताल का असर निगम की परिवहन व्यवस्था पर भी देखने को मिला। टीकरापारा स्थित नगर निगम वर्कशॉप में निगम के वाहन खड़े रहे और ड्राइवर भी हड़ताल में शामिल हो गए। इसके कारण कई विभागों के वाहनों का संचालन प्रभावित हुआ, जिससे फील्ड से जुड़े कार्यों पर भी असर पड़ा।
हड़ताली कर्मचारियों का कहना है कि उनकी प्रमुख मांगों में प्लेसमेंट कर्मचारियों को संविदा दर पर वेतन एवं अन्य सुविधाएं प्रदान करना शामिल है। मांगें पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की चेतावनी भी कर्मचारियों ने दी है।
नगर निगम में हड़ताल के पहले ही दिन जिस तरह से कामकाज प्रभावित हुआ है, उससे यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो आने वाले दिनों में शहर की सफाई, परिवहन और अन्य नागरिक सेवाओं पर भी व्यापक असर पड़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *