छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल नियम-2026 लागू, अब पारदर्शी और समयबद्ध होगी तृतीय-चतुर्थ श्रेणी की भर्ती
ऑनलाइन आवेदन, आधार प्रमाणीकरण, एमसीक्यू परीक्षा, मेरिट आधारित अंतिम आबंटन और वेटिंग लिस्ट खत्म करने सहित कई बड़े बदलाव
रायपुर, 06 अगस्त।
छत्तीसगढ़ सरकार ने तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, तकनीक आधारित और समयबद्ध बनाने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल नियम-2026 लागू कर दिए हैं। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार ये नियम राजपत्र में प्रकाशित होने की तिथि से प्रभावी हो गए हैं।
नए नियमों के तहत अब विभिन्न विभागों के तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के पदों पर भर्ती छत्तीसगढ़ कर्मचारी चयन मंडल के माध्यम से होगी। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी और अभ्यर्थियों को आवेदन से पहले आधार प्रमाणीकरण के साथ प्रोफाइल पंजीयन कराना अनिवार्य होगा। आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को पद, विभाग और नियुक्ति प्राधिकारी की प्राथमिकता भी देनी होगी, जिसे बाद में बदला नहीं जा सकेगा।
नियमों के अनुसार लिखित परीक्षा एमसीक्यू (बहुविकल्पीय प्रश्न) आधारित होगी। परीक्षा के बाद मॉडल उत्तर जारी किए जाएंगे और अभ्यर्थियों से आपत्तियां भी आमंत्रित की जाएंगी। उनका निराकरण होने के बाद ही अंतिम परिणाम जारी किया जाएगा।
जिन पदों के लिए कौशल परीक्षा या शारीरिक दक्षता परीक्षा आवश्यक होगी, वहां लिखित परीक्षा के अंकों के आधार पर विज्ञापित पदों की संख्या के 15 गुना अभ्यर्थियों की सूची (सूची-अ) जारी की जाएगी। संबंधित विभाग को तीन माह के भीतर द्वितीय चरण की परीक्षा पूरी करनी होगी। इसके बाद ही अंतिम आबंटन सूची जारी होगी।
सबसे बड़ा बदलाव यह किया गया है कि अंतिम आबंटन सूची (सूची-ब) जारी होने के बाद किसी भी प्रकार की प्रतीक्षा सूची (वेटिंग लिस्ट) या रिजर्व सूची जारी नहीं की जाएगी। अंतिम सूची में शामिल अभ्यर्थियों को 15 दिनों के भीतर आधार प्रमाणीकरण और दस्तावेज ऑनलाइन अपलोड करना होगा।
दस्तावेज सत्यापन संबंधित विभाग करेगा। सत्यापन सही पाए जाने पर नियुक्ति पत्र जारी किया जाएगा। अभ्यर्थी को नियुक्ति पत्र मिलने के 30 दिनों के भीतर कार्यभार ग्रहण करना होगा, अन्यथा पद रिक्त माना जाएगा।
नियमों में यह भी प्रावधान किया गया है कि कर्मचारी चयन मंडल प्रत्येक वर्ष अगस्त माह में तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी की भर्तियों का वार्षिक परीक्षा कैलेंडर जारी करेगा। साथ ही व्यावसायिक, शैक्षणिक एवं पात्रता परीक्षाओं का संभावित कैलेंडर भी हर वर्ष प्रकाशित किया जाएगा।
