साय सरकार की कैबिनेट 30 को, सीएस अमिताभ जैन को दी जा सकती है विदाई, नए के नामों पर चर्चा तेज
रायपुर.
साय सरकार की कैबिनेट बैठक 30 जून को होगी। इसी दिन वर्तमान मुख्य सचिव अमिताभ जैन को सेवानिवृत्त होने पर कैबिनेट द्वारा विदाई भी दी जाएगी। साथ ही कैबिनेट में कई कई एजेंडे भी रखे जाएंगे। जिस पर चर्चा कर मुहर लगाई जाएगी।
बता दें कि इससे पहले फरवरी 2014 में तत्कालीन रमन सरकार ने तब के मुख्य सचिव रहे सुनील कुमार को इस तरह की एक कैबिनेट बैठक में विदाई दी थी। कैबिनेट ने सुनील कुमार के कामकाज को सराहा गया था। बैठक खत्म होने के बाद सुनील कुमार अपने कक्ष में आए और अपना सामान लेकर मंत्रालय से निकल गए। कहा जा रहा है कि साय कैबिनेट के लिए सचिवों से एजेंडा बुलाया गया है, लेकिन इस बैठक में शामिल होने वाले तमाम एजेंडों के बीच सबसे बड़ा मुद्दा अमिताभ जैन को सम्मानजनक विदाई देना भी है।
तीन दिन बाद कौन बनेगा नया सीएस, चर्चा तेज
इधर, मंत्रालय के प्रशासनिक गलियारों में हर अधिकारी और कर्मचारियों के बीच एक ही चर्चा हो रही है कि नया सीएस कौन होगा। अटकलों का बाजार गर्म है, लेकिन सरकार ने अब तक अपने पत्ते नहीं खोले हैं। अमिताभ जैन के बाद सीनियरिटी में रेणु पिल्ले, सुब्रत साहू, अमित अग्रवाल, ऋचा शर्मा, निधि छिब्बर, विकासशील और मनोज पिंगुआ का नाम आता है। अमित अग्रवाल, निधि छिब्बर और विकासशील केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। सुब्रत साहू, ऋचा शर्मा और मनोज पिंगुआ दावेदारों की दौड़ में शामिल हैं।
दिल्ली की ओर भी निगाहें, सुपरसीड तो नहीं होगा इस बार भी
सूत्रों के अनुसार सरकार की नजर दिल्ली से मिलने वाले इशारों पर है। यही वजह है कि अब तक राज्य सरकार ने स्पष्ट तौर पर किसी भी एक नाम को लेकर अपनी ओर से कोई संकेत नहीं दिया है। तमाम नामों पर समीकरणों के मुताबिक चर्चा हो रही है। सीनियरिटी में सबसे ऊपर रहने वाली रेणु पिल्ले नियम कायदों में समझौता करने वाली अफसर नहीं मानी जाती है। इस लिहाज से ब्यूरोक्रेसी के भीतर चर्चा रही है कि सरकार उनके नाम सहमत नहीं हो सकती। ब्यूरोक्रेसी की ही एक चर्चा कहती है कि अमित अग्रवाल छत्तीसगढ़ नहीं लौटना चाहते। निधि छिब्बर और विकासशील को लेकर भी यही नजरिया है। ऋचा शर्मा भी अपनी कार्यशैली के लिए पहचानी जाती हैं। ऐसे में राज्य के भीतर चल रही चर्चा में सुब्रत साहू और मनोज पिंगुआ रेस में आगे बताए जाते हैं, लेकिन यह महज चर्चा भर है। इस तरह से सुपरसीड कर सीएस बनाने की चर्चा है।
