साइबर अपराध से बाचाव के के लिए पुलिस चलाएगी जागरूकता अभियान
राजनांदगांव।
साइबर अपराध के बढ़ते मामलों और ऑनलाइन ठगी से आम लोगों को बचाने के लिए राजनांदगांव पुलिस अब व्यापक साइबर जागरूकता अभियान चलाएगी। अभियान के तहत पुलिस लोगों को साइबर फ्रॉड के नए तरीकों, फर्जी कॉल, लिंक, ओटीपी, केवाईसी अपडेट और सोशल मीडिया के जरिए होने वाली ठगी से बचने के उपाय बताएगी।
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने प्रेसवार्ता लेकर अभियान की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता सबसे प्रभावी हथियार है। लोगों को किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी, एटीएम पिन, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।
एसपी शर्मा ने बताया कि पुलिस टीमों द्वारा विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। स्कूल-कॉलेजों, बाजारों, सार्वजनिक स्थलों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। साथ ही सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से भी साइबर अपराध से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी जाएगी।
उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक न करें और अनजान नंबर से आने वाले वीडियो कॉल या संदेशों पर भरोसा न करें। यदि कोई व्यक्ति ऑनलाइन ठगी का शिकार होता है तो घटना की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है, ताकि समय रहते कार्रवाई कर राशि की रिकवरी की संभावना बढ़ाई जा सके।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि साइबर अपराध की रोकथाम केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए आम नागरिकों को भी सतर्क और जागरूक रहना होगा। राजनांदगांव पुलिस का यह अभियान लोगों को ‘सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर ठगी से बचें’ का संदेश देगा।
