कॉलेजों में प्रवेश की तारीख बढ़ी, अब 31 अगस्त तक मिलेगा मौका
रायपुर।
छत्तीसगढ़ के उच्च शिक्षा संस्थानों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्रवेश लेने से वंचित विद्यार्थियों के लिए राहत की खबर है। राज्य शासन के उच्च शिक्षा विभाग ने विद्यार्थियों की सीट रिक्त रहने की स्थिति को देखते हुए कॉलेजों में प्रवेश की अंतिम तिथि बढ़ाकर 31 अगस्त 2026 कर दी है।
उच्च शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, पूर्व में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए प्राचार्य स्तर पर 31 जुलाई 2026 तक तथा कुलपति की अनुमति से 14 अगस्त 2026 तक प्रवेश की तिथि निर्धारित की गई थी। अब छात्रहित में यह अवधि आगे बढ़ाई गई है।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि छात्रहित एवं सीट रिक्त रहने की स्थिति में 31 अगस्त 2026 तक प्रवेश की तिथि में वृद्धि की जाती है। इससे ऐसे विद्यार्थियों को बड़ी राहत मिलेगी, जो निर्धारित समय-सीमा में किसी कारणवश कॉलेज में दाखिला नहीं ले सके हैं।
विश्वविद्यालय और कॉलेजों को सूचना जारी
उच्च शिक्षा विभाग ने आदेश की प्रतिलिपि प्रदेश के सभी शासकीय विश्वविद्यालयों के कुलसचिवों और सभी शासकीय महाविद्यालयों के प्राचार्यों को भेजी है। उन्हें आदेश के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। विभाग ने यह आदेश अपनी वेबसाइट पर भी अपलोड करने के निर्देश दिए हैं।
सीट रिक्त रहने पर छात्रों को मिलेगा लाभ
प्रवेश तिथि बढ़ाने का प्रमुख कारण शैक्षणिक संस्थानों में सीटों का रिक्त रहना बताया गया है। नई व्यवस्था से विद्यार्थियों को प्रवेश के लिए अतिरिक्त समय मिलेगा। अब इच्छुक विद्यार्थी 31 अगस्त तक उपलब्ध सीटों के आधार पर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे।
उच्च शिक्षा विभाग का यह निर्णय विशेष रूप से उन विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, जो किसी कारण से पहले निर्धारित समय-सीमा में प्रवेश नहीं ले पाए थे।
