स्मार्ट मीटर के खिलाफ कांग्रेस का जनअभियान तेज, वार्ड स्तर पर घर-घर पहुंचेंगे कार्यकर्ता
रायपुर।
स्मार्ट मीटर के खिलाफ चलाए जा रहे जनअभियान को और अधिक प्रभावी एवं व्यापक बनाने के लिए शहर जिला कांग्रेस कमेटी रायपुर की जिला कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक कांग्रेस भवन, गांधी मैदान में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार स्मार्ट मीटर के मुद्दे पर वार्ड स्तर तक जनसंपर्क अभियान तेज करने और अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को अभियान से जोड़ने की रणनीति तैयार की गई।
बैठक में शहर जिला कांग्रेस कमेटी की प्रभारी प्रतिमा चंद्राकर, शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन, पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा, विकास उपाध्याय, पूर्व महापौर प्रमोद दुबे सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
जनता की समस्याएं सुनकर भरवाए जाएंगे आवेदन
प्रभारी प्रतिमा चंद्राकर ने कहा कि स्मार्ट मीटर का मुद्दा सीधे आम उपभोक्ताओं की जेब से जुड़ा है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं को वार्ड स्तर तक पहुंचकर लोगों की समस्याएं सुननी होंगी और अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को अभियान से जोड़ना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संघर्ष किसी राजनीतिक स्वार्थ के लिए नहीं, बल्कि आम उपभोक्ताओं को राहत दिलाने के लिए है।
शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष श्रीकुमार शंकर मेनन ने कहा कि रायपुर शहर के विभिन्न वार्डों में पिछले कई दिनों से स्मार्ट मीटर के खिलाफ लगातार जनजागरण और जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं को स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं की जानकारी दे रहे हैं और स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाए जाने की मांग को लेकर आवेदन भरवा रहे हैं।
उन्होंने दावा किया कि अभियान को शहर की जनता और व्यापारियों का व्यापक समर्थन मिल रहा है। विभिन्न वार्डों से बड़ी संख्या में आवेदन एकत्र किए जा रहे हैं। मेनन ने कहा कि आम नागरिकों का स्वयं आगे आकर अभियान से जुड़ना इस बात का संकेत है कि स्मार्ट मीटर को लेकर लोगों में नाराजगी है।
सरकार को जनता की आवाज सुननी होगी : मेनन
मेनन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनहित के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष करती रही है। स्वामी आत्मानंद स्कूल, श्रम विभाग और नगर निगम सहित विभिन्न मुद्दों पर कांग्रेस ने सड़क पर उतरकर आंदोलन किया है। उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटर के खिलाफ चल रहा अभियान भी अब व्यापक जनआंदोलन का रूप ले रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार को जनता की आवाज सुननी होगी और स्मार्ट मीटर के नाम पर बढ़े हुए बिजली बिलों से परेशान उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान करना होगा। कांग्रेस तब तक संघर्ष जारी रखेगी, जब तक जनता को राहत नहीं मिलती।
पूर्व विधायक कुलदीप जुनेजा ने कहा कि बिजली प्रत्येक परिवार की मूलभूत आवश्यकता है। यदि स्मार्ट मीटर लगने के बाद उपभोक्ताओं को अनावश्यक रूप से बढ़े हुए बिजली बिलों का सामना करना पड़ रहा है तो सरकार को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की परेशानी को विधानसभा से लेकर सड़क तक उठाती रहेगी।
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि स्मार्ट मीटर के खिलाफ रायपुर में चल रहा अभियान लगातार मजबूत हो रहा है। बड़ी संख्या में लोगों द्वारा आवेदन भरना इस बात का प्रमाण है कि जनता इस व्यवस्था को लेकर संतुष्ट नहीं है। सरकार को जनता की आवाज को नजरअंदाज करने के बजाय तत्काल इस मामले में निर्णय लेना चाहिए।
पूर्व महापौर प्रमोद दुबे ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने का रहा है। बिजली बिल, स्मार्ट मीटर और उपभोक्ताओं की समस्याओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता लगातार जनता के बीच पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि वार्ड स्तर पर चल रहे अभियान को और तेज किया जाएगा।
हर वार्ड में चलेगा जनसंपर्क अभियान
बैठक में निर्णय लिया गया कि स्मार्ट मीटर के खिलाफ वार्ड स्तर पर चलाए जा रहे अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर उपभोक्ताओं की समस्याएं जानेंगे और स्मार्ट मीटर हटाकर पुराने मीटर लगाए जाने की मांग को लेकर आवेदन भरवाएंगे। पार्टी ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान तक यह अभियान जारी रहेगा।
बैठक में प्रतिमा चंद्राकर, श्रीकुमार शंकर मेनन, प्रमोद दुबे, पंकज शर्मा, कुलदीप जुनेजा, विकास उपाध्याय, सुबोध हरितवाल, कन्हैया अग्रवाल, शिव सिंह ठाकुर, ज्ञानेश शर्मा, सलाम रिजवी, पंकज मिश्रा, सुशांत डे, अशोक बानी, सचिन अग्रवाल, जसवीर ढिल्लन, दिनेश ठाकुर, अभिनव दुबे, दीपक चौबे, राज देवांगन, गौरी शंकर पांडे, शिव श्याम शुक्ला, सोमेन चटर्जी, ओम श्रीवास, राकेश धोत्रे, विनोद सिंह ठाकुर, डॉ. अनुराम साहू, मिलिंद गौतम, प्रशांत ठेगडी, सुजीत सिंह, चंपालाल देवांगन, अंजुमन ढेबर, संपत सिंह राजपूत, हिरेंद्र देवांगन, सुरेश जैन, विजय टंडन, सुरेश धीवर, कमल घीतलहरे, अनिल रायचूरा, सुधा सरोज, संदीप शर्मा, सुयश शर्मा, नंदू सिन्हा, किशनलाल बाजारी, सत्तू सिंह, सुमित दास, नरेश गढ़ेपाल, मुन्ना मिश्रा, गंगा यादव, नवीन चंद्राकर, प्रीति सोनी, फहीम खान, ईश्वर चक्रधारी, महेंद्र सेन, वेंकट कुमार सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
