रेलवे में बंपर भर्ती शुरू, देखें किन किन पदों के लिए निकली है भर्ती
रायपुर।
क्या आप नौकरी की तलाश कर रहे है। यदि आप दसवीं पास है तो आपके लिए सुनहरा मौका है। रेलवे में इस समय बंपर भर्ती निकली है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने टेक्नीशियन पदों पर भर्ती निकाली है। इसका विस्तृत नोटिफिकेशन जारी हो चुका है। कुल 6,238 रिक्त पदों पर यह भर्ती की जाएगी। 10वीं पास उम्मीदवारों के लिए यह एक शानदार अवसर है।
आवेदन प्रक्रिया 28 जून 2025 से शुरू हो चुकी है। योग्य और इच्छुक उम्मीदवार 28 जुलाई 2025 तक ऑनलाइन आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं। इसमें पात्रता, चयन प्रक्रिया, वेतन और वैकेंसी से जुड़ी सभी जानकारी विस्तार से दी गई है। सभी उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि आवेदन से पहले आधिकारिक अधिसूचना को ध्यान से पढ़ें।
पदों की संख्या और आवेदन शुल्क
कुल 6,238 पद रिक्त हैं।
- टेक्निशियन ग्रेड-1 सिग्नल के लिए 183 पद हैं।
- टेक्नीशियन ग्रेड 3 के लिए 6,055 पद खाली हैं।
श्रेणीवार पदों का विवरण इस प्रकार है:
- जनरल के लिए कुल 2,630 पद।
- एससी के लिए 1,020 पद।
- एसटी के लिए 586 पद।
- ओबीसी के लिए 1,425 पद।
- ईडब्ल्यूएस के लिए 573 पद खाली हैं।
आवेदन शुल्क भी निर्धारित किया गया है। एससी, एसटी, एक्स-सर्विसमैन, पीडब्ल्यूडी, महिला और ट्रांसजेंडर उम्मीदवारों को ₹250 का शुल्क देना होगा। अन्य कैटेगरी के लिए आवेदन शुल्क ₹500 है।
शैक्षणिक योग्यता और आयु सीमा क्या है?
टेक्नीशियन ग्रेड-1 सिग्नल पद के लिए योग्यता थोड़ी अलग है। उम्मीदवारों के पास फिजिक्स, इलेक्ट्रॉनिक, कंप्यूटर साइंस, इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी या इंस्ट्रूमेंटेशन में बैचलर ऑफ साइंस की डिग्री होनी चाहिए। इसके अलावा, इंजीनियरिंग में 3 वर्षीय डिप्लोमा या इंजीनियरिंग में डिग्री वाले भी आवेदन कर सकते हैं।
टेक्नीशियन ग्रेड 3 के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास है। साथ ही, संबंधित ट्रेड में आईटीआई (ITI) सर्टिफिकेट भी होना चाहिए।
आयु सीमा भी निर्धारित की गई है। टेक्निशियन ग्रेड-1 के लिए न्यूनतम 18 वर्ष और अधिकतम 33 वर्ष आयु है। टेक्निशियन ग्रेड 3 के लिए अधिकतम आयु सीमा 30 वर्ष है। एससी/एसटी को 5 वर्ष की छूट मिलेगी। ओबीसी को 3 वर्ष और पीडब्ल्यूडी कैटेगरी के उम्मीदवारों को 10 वर्ष की छूट आयु सीमा में दी जाएगी।
चयन प्रक्रिया और वेतन कितना मिलेगा?
उम्मीदवारों का चयन तीन चरणों में होगा। सबसे पहले कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) परीक्षा होगी। इसमें सफल होने वाले उम्मीदवारों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन होगा। अंतिम चरण मेडिकल परीक्षण का होगा। कंप्यूटर आधारित परीक्षा कुल 100 अंक की होगी। इसमें 100 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक गलत उत्तर पर 1/3 अंक की कटौती की जाएगी।
वेतनमान भी काफी आकर्षक है:
- टेक्निशियन ग्रेड-1 पर नियुक्ति के बाद, 7वें वेतनमान के लेवल-5 के तहत ₹29,200 से ₹93,300 प्रति माह वेतन मिलेगा।
- टेक्निशियन ग्रेड-3 पद पर नियुक्ति के बाद, लेवल 2 के तहत ₹19,900 से ₹63,200 प्रति माह वेतन दिया जाएगा।
विस्तृत जानकारी के लिए आप पूरी अधिसूचना यहाँ देख सकते हैं: https://rrbbilaspur.gov.in/file/recruitment/Updated_28062025_%20Detailed%20CEN%202-2025_Technician%20Categories.pdf
