महादेव घाट पुल से पहले बनेगी सर्विस रोड, मूणत ने दिए निर्देशमहादेव घाट में नए पुल से पहले बनेगी सर्विस रोड
₹21 करोड़ की लागत से प्रस्तावित पुल निर्माण से पहले वैकल्पिक मार्ग तैयार करने के निर्देश
माधवराव सप्रे और संत रविदास वार्ड में ₹5 करोड़ के सीसी रोड-नाली कार्यों का भी निरीक्षण
रायपुर। महादेव घाट में करीब 21 करोड़ रुपए की लागत से प्रस्तावित नवीन पुल के निर्माण से पहले सर्विस रोड तैयार की जाएगी। रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने रविवार को महादेव घाट समेत विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न इलाकों का जमीनी निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि पुल निर्माण शुरू करने से पहले वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था पूरी कर ली जाए। उनका कहना था कि निर्माण के दौरान मौजूदा मार्ग प्रभावित होने की स्थिति में आम लोगों को आवागमन में परेशानी नहीं होनी चाहिए।
मूणत ने अधिकारियों से सर्विस रोड, यातायात व्यवस्था और पुल निर्माण की चरणबद्ध कार्ययोजना तैयार करने को कहा। उन्होंने स्पष्ट किया कि सर्विस रोड तैयार होने के बाद ही पुल निर्माण की आगामी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए, ताकि निर्माण के दौरान यातायात को व्यवस्थित रखा जा सके।
गली-गली पहुंचकर देखा विकास कार्य
इससे पहले विधायक ने माधवराव सप्रे वार्ड और संत रविदास वार्ड का निरीक्षण किया। वे एक्टिवा से वार्डों की गलियों में पहुंचे और निर्माणाधीन सीसी रोड, नाली तथा विद्युत पोल लगाने के कार्यों की स्थिति देखी। दोनों वार्डों में करीब 5 करोड़ रुपए की लागत से सीसी रोड और नाली निर्माण कराया जा रहा है। इसके अलावा क्षेत्र में लगभग 150 विद्युत पोल लगाए जाने हैं।
निरीक्षण के दौरान मूणत ने अधिकारियों से निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क और नाली जैसे कार्य सीधे नागरिकों की रोजमर्रा की सुविधाओं से जुड़े हैं, इसलिए इनका निर्माण निर्धारित गुणवत्ता और समयसीमा के अनुरूप होना चाहिए।
निर्माण के दौरान नागरिकों की सुविधा पर जोर
विधायक ने अधिकारियों से कहा कि किसी भी निर्माण कार्य के दौरान स्थानीय नागरिकों की आवाजाही प्रभावित नहीं होनी चाहिए। जहां आवश्यक हो, वहां वैकल्पिक मार्ग और यातायात व्यवस्था पहले से सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का उद्देश्य नागरिकों को सुविधा देना है, इसलिए निर्माण के दौरान होने वाली असुविधा को न्यूनतम रखना भी कार्ययोजना का हिस्सा होना चाहिए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्यों की चरणबद्ध निगरानी करने और मैदानी स्तर पर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विद्युत पोल लगाए जाने से क्षेत्र की प्रकाश व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है।
पुल निर्माण से पहले पूरी हो व्यवस्था
महादेव घाट में निरीक्षण के दौरान मूणत ने कहा कि बड़े अधोसंरचना कार्यों में निर्माण शुरू करने से पहले यातायात और नागरिक सुविधा से जुड़े सभी पहलुओं को व्यवस्थित करना जरूरी है। उन्होंने अधिकारियों को सर्विस रोड का काम प्राथमिकता से पूरा कराने तथा पुल निर्माण के दौरान यातायात संचालन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान लोक निर्माण विभाग, सेतु संभाग और नगर निगम रायपुर के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे.
