हारने पर ईवीएम और चुनाव आयोग पर सवाल उठाना कांग्रेस की आदत : मुख्यमंत्री

0
IMG-20260929-WA0473

मुख्यमंत्री ने कहा – जीतने पर ईवीएम सही, हारने पर उसी पर ठीकरा फोड़ती है कांग्रेस, जनता अब इस दोहरे रवैये को समझ चुकी है

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षों का नेतृत्व सेवा, सुशासन और विकास की प्रेरक यात्रा : मुख्यमंत्री

प्रदेश के 38 स्थानों पर बनेंगे ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’, रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी किया जाएगा विकसित

सिंगापुर प्रवास में छत्तीसगढ़ ने दुनिया के सामने रखीं निवेश की संभावनाएं, ₹41,750 करोड़ का AI-रेडी डेटा सेंटर सबसे बड़ा प्रस्ताव

रायपुर, 7 अक्टूबर 2026/ मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने आज पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए चुनाव प्रक्रिया और ईवीएम को लेकर कांग्रेस द्वारा उठाए जा रहे सवालों पर पलटवार करते हुए कहा कि कांग्रेस जनता का विश्वास खो चुकी है। अपनी राजनीतिक विफलताओं को स्वीकार करने के बजाय कांग्रेस कभी ईवीएम तो कभी चुनाव आयोग पर आरोप लगाती है।

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि कांग्रेस जब इसी ईवीएम से चुनाव जीतकर अपने सांसद और विधायक बनाती है, तब उसे ईवीएम में कोई समस्या दिखाई नहीं देती। लेकिन जब चुनाव हारती है तो उसी ईवीएम पर अपनी हार का ठीकरा फोड़ने लगती है। जनता अब कांग्रेस के इस दोहरे रवैये को समझ चुकी है और उनकी बातों में कोई दम नहीं है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में जनता का जनादेश सर्वोपरि है। राजनीतिक दलों को जनादेश का सम्मान करना चाहिए, न कि अपनी हार के लिए संवैधानिक संस्थाओं और चुनाव प्रक्रिया पर सवाल खड़े करने चाहिए।

प्रधानमंत्री श्री मोदी के 25 वर्ष सेवा और सुशासन की प्रेरक यात्रा

मुख्यमंत्री श्री साय ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें छत्तीसगढ़ की जनता की ओर से हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री बने थे। मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में उनके शानदार 25 वर्ष पूरे हुए हैं। यह 25 वर्षों की यात्रा सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनके समर्पण की प्रेरक यात्रा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस अवसर को ‘सेवा संकल्प अभियान’ के रूप में मनाया जा रहा है, जिसके अंतर्गत 13 प्रकार के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राजधानी रायपुर में भी ‘सेवा ज्योति संकल्प यात्रा’ का आयोजन किया गया है।

उन्होंने बताया कि इस अवसर पर प्रदेश के 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ का निर्माण किया जाएगा। राजधानी रायपुर के तेलीबांधा चौक को भी ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ के रूप में विकसित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने हालिया सिंगापुर प्रवास की उपलब्धियों की जानकारी देते हुए कहा कि 3 से 6 अक्टूबर तक सिंगापुर प्रवास के दौरान वे ‘सिंगापुर-इंडिया नेटवर्क फॉर ग्रोथ (SING) फोरम-2026’ में शामिल हुए। यहां सिंगापुर के उद्योग जगत के प्रमुख प्रतिनिधियों के समक्ष छत्तीसगढ़ में निवेश की संभावनाओं को प्रस्तुत किया गया और उन्हें विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रदेश में निवेश का आमंत्रण दिया गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस यात्रा के दौरान प्रदेश को बड़े पैमाने पर प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें सबसे बड़ा प्रस्ताव Energy Capital Global का है। कंपनी छत्तीसगढ़ में 100 मेगावाट क्षमता का AI-रेडी डेटा सेंटर कैंपस विकसित करने के लिए ₹41,750 करोड़ का निवेश करेगी।

उन्होंने कहा कि इस तरह के निवेश छत्तीसगढ़ को देश की डिजिटल अर्थव्यवस्था और भविष्य की तकनीक के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। इससे प्रदेश के युवाओं के लिए नई तकनीक और आधुनिक उद्योगों में रोजगार एवं करियर के अवसर भी बढ़ेंगे।

डेढ़ वर्ष में ₹8.23 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव

मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि राज्य की नई औद्योगिक विकास नीति के बाद मात्र डेढ़ वर्ष में छत्तीसगढ़ को ₹8.23 लाख करोड़ से अधिक के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं और विभिन्न क्षेत्रों में एमओयू हुए हैं। यह छत्तीसगढ़ की निवेश-अनुकूल नीतियों और सुशासन के प्रति उद्योग जगत के बढ़ते विश्वास को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि हम जो काम करते हैं, उसे निश्चित रूप से धरातल पर लाते हैं। इसी भाव के साथ निवेश प्रस्तावों पर तेजी से काम किया जा रहा है। अनेक परियोजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। सेमीकंडक्टर प्लांट और AI डेटा सेंटर जैसे भविष्य के क्षेत्रों में भी काम शुरू हो गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य केवल निवेश प्रस्ताव प्राप्त करना नहीं, बल्कि उन्हें वास्तविक उद्योग, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों में बदलना है। निवेश के माध्यम से प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हों, स्थानीय उद्योगों और उद्यमियों को आगे बढ़ने का अवसर मिले और छत्तीसगढ़ विकसित भारत के निर्माण में अपनी सशक्त भूमिका निभाए – सरकार इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *