10 लाख के चोरी के हीरों के साथ अंतरजिला तस्कर गिरफ्तार
पायलीखंड खदान क्षेत्र से वर्ष 2018 में हीरे चोरी करने का खुलासा, 146 नग हीरे समेत 10.15 लाख का माल जब्त
धमतरी। धमतरी पुलिस ने हीरा तस्करी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 10 लाख रुपए कीमत के चोरी के हीरों के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। साइबर सेल और बिरेझर पुलिस की संयुक्त टीम ने राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर कोड़ापार नहर पुलिया के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनोद अग्रवाल (64 वर्ष), निवासी भाटापारा के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 146 नग बहुमूल्य हीरे बरामद किए हैं। इनका शुद्ध वजन 13.49 ग्राम बताया गया है। इसके अलावा एक मोबाइल फोन और नकद राशि भी जब्त की गई है। जब्त सामग्री की कुल कीमत 10 लाख 15 हजार 200 रुपए आंकी गई है।
पूछताछ में आठ साल पुरानी चोरी का खुलासा
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी ने वर्ष 2018 में गरियाबंद जिले के पायलीखंड खदान क्षेत्र से हीरे चोरी करना स्वीकार किया है। इस खुलासे के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस अब हीरों की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित संपर्कों की जांच कर रही है।
खनिज अधिनियम और बीएनएस के तहत कार्रवाई
संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से हीरे सहित अन्य सामग्री जब्त की। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ खनिज अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई को हीरा तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अब जांच के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा सकता है कि बरामद हीरे चोरी के बाद किन-किन लोगों तक पहुंचे और इस मामले में अन्य किसी की संलिप्तता है या नहीं।
