चुनावी मोड में भाजपा: स्मृति ईरानी ने विधायकों को दिया मंत्र, नाराज कार्यकर्ताओं को मनाएं, जनता तक पहुंचाएं योजनाओं का लाभ

0
IMG-20261024-WA0204



तीन साल की नाराजगी और गिले-शिकवे दूर करने पर जोर, क्षेत्रीय दौरे बढ़ाने और दिवाली पर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बनाने की नसीहत
रायपुर।

छत्तीसगढ़ भाजपा में संगठन और सरकार के बीच समन्वय मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने की कवायद तेज हो गई है। भाजपा प्रदेश कार्यालय में सोमवार को प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी और सह प्रभारी की मौजूदगी में सुबह 11 बजे विधायकों की बैठक हुई। बैठक में विधायकों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रियता बढ़ाएं, नियमित दौरे करें और नाराज कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलें। साथ ही आम जनता तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने को प्राथमिकता दें।
बैठक में संगठन की मजबूती और आगामी चुनावों की तैयारियों को ध्यान में रखते हुए कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संवाद स्थापित करने पर जोर दिया गया। विधायकों से कहा गया कि पिछले तीन वर्षों के दौरान यदि कार्यकर्ताओं के बीच किसी तरह की नाराजगी, गिले-शिकवे या असंतोष पैदा हुआ है, तो उसे दूर करने के लिए गंभीरता से पहल करें। संगठन के लोगों को साथ लेकर चलना और उनकी समस्याओं को सुनना जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी है।
दिवाली पर कार्यकर्ताओं के साथ बढ़ाएं संवाद
बैठक में दिवाली के अवसर पर कार्यकर्ताओं के साथ मेल-मिलाप और भोज के जरिए संबंध मजबूत करने की बात भी सामने आई। विधायकों को संदेश दिया गया कि वे केवल चुनाव के समय ही कार्यकर्ताओं के बीच न जाएं, बल्कि पूरे समय उनसे संपर्क बनाए रखें। बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से लेकर स्थानीय पदाधिकारियों तक संवाद की निरंतरता बनी रहनी चाहिए।
संगठन की चिंता यह है कि क्षेत्रीय स्तर पर जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के बीच दूरी नहीं बढ़े। कार्यकर्ताओं की शिकायतों को समय रहते सुनकर उनका समाधान किया जाए, ताकि संगठनात्मक गतिविधियों में सभी की भागीदारी सुनिश्चित हो सके।
एक दिन पहले पूर्व विधायकों और पदाधिकारियों ने रखी थी अपनी बात
विधायकों की बैठक से एक दिन पहले प्रदेश प्रभारी ने पूर्व विधायकों, पूर्व मंत्रियों और संगठन के पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी। इस बैठक में क्षेत्रीय स्तर पर असंतोष, विधायकों के कामकाज और कार्यकर्ताओं की शिकायतों से जुड़े मुद्दे उठने की बात सामने आई थी। इसके बाद वर्तमान विधायकों के साथ हुई बैठक को संगठन और जनप्रतिनिधियों के बीच समन्वय बेहतर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
अब मंत्रियों के विभागों की भी होगी समीक्षा
विधायकों की बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी मंत्रियों के साथ बैठक करेंगी। इस बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की मौजूदगी भी रहेगी। मंत्रियों से उनके विभागों की योजनाओं, कामकाज और विभागों को लेकर मिल रही शिकायतों पर चर्चा होगी। समीक्षा के दौरान सामने आने वाले मुद्दों पर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए जाने की संभावना है।
राजनीतिक दृष्टि से इन बैठकों को भाजपा के संगठनात्मक अनुशासन, सरकार के कामकाज और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी के सामने चुनौती सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाने के साथ संगठन के भीतर संवाद और समन्वय बनाए रखने की भी है। बैठकों के जरिए विधायकों और मंत्रियों को यही संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल तथा कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी को प्राथमिकता दी जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *