वनभूमि पर दोबारा कब्जे की कोशिश पड़ी भारी, 34 आरोपी जेल भेजे गए

0
IMG_20261029_163232_493


केशकाल वन मंडल की सख्त कार्रवाई, बेदखली के बाद पेड़ों की कटाई और अतिक्रमण के प्रयास पर वन विभाग का शिकंजा


कोंडागांव @ पत्रिका। वनभूमि पर अतिक्रमण और पेड़ों की अवैध कटाई के मामलों में केशकाल वन मंडल ने सख्त रुख अपनाया है। वनभूमि से बेदखल किए जाने के बावजूद दोबारा अतिक्रमण करने और पेड़ों की कटाई का प्रयास करने के आरोप में 34 लोगों के खिलाफ वन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। सभी 34 आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत केंद्रीय जेल जगदलपुर भेजा गया है। वन विभाग की इस कार्रवाई से वनभूमि पर अवैध कब्जा करने वालों में हड़कंप मचा है।
वन विभाग के अनुसार, यह कार्रवाई 28 अक्टूबर को वन मंडलाधिकारी दिव्या गौतम के मार्गदर्शन में की गई। परिक्षेत्र केशकाल के उपपरिक्षेत्र दादरगढ़ अंतर्गत परिसर हरवेल के कक्ष क्रमांक आरएफ 1112 में वनभूमि पर दोबारा अतिक्रमण और पेड़ों की कटाई के प्रयास का मामला सामने आया था। ग्राम चिपरेल निवासी भरत समेत 18 व्यक्तियों तथा घसुराम समेत 16 व्यक्तियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की गई।
बेदखली के बाद भी नहीं माने, दोबारा कब्जे की कोशिश
वन विभाग की कार्रवाई में सामने आया कि संबंधित व्यक्तियों को पूर्व में वनभूमि से बेदखल किया गया था। इसके बावजूद उन्होंने दोबारा वनभूमि पर कब्जा करने और पेड़ों की कटाई का प्रयास किया। वनभूमि पर लगातार अतिक्रमण की कोशिश को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने आरोपियों के विरुद्ध वन कानूनों के तहत कार्रवाई की और उन्हें न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजा।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि वनभूमि पर अवैध कब्जा, पेड़ों की कटाई और बेदखली के बाद दोबारा अतिक्रमण जैसे मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ऐसे कृत्यों में शामिल पाए जाने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
कई क्षेत्रों में भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान
केशकाल वन मंडल के अन्य परिक्षेत्रों में भी वनभूमि को अतिक्रमणमुक्त कराने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। परिक्षेत्र बड़ेराजपुर के गोविंदपुर में 42 अतिक्रमणकारियों को बेदखल करने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं ग्राम आमाडीही में 24 अतिक्रमणकारियों को नोटिस जारी किया गया है।
परिक्षेत्र बड़े डोंगर के चनियागांव में लगभग 4 हेक्टेयर वनभूमि को अतिक्रमणमुक्त कराया गया। इस कार्रवाई में वन प्रबंधन समिति का भी सहयोग रहा। इसी तरह फरसगांव परिक्षेत्र के सोडमा में 24 अतिक्रमणकारियों को वन प्रबंधन समिति के सहयोग से बेदखल किया गया है।
वनभूमि की सुरक्षा के लिए विभाग सख्त
कार्रवाई में परिक्षेत्र अधिकारी कृष्ण कुमार नेताम, वनक्षेत्रपाल देवलाल नेताम, मनेश वर्मा, अनिल कोसरिया, वनपाल सामाराम नेताम, बुद्धचंद मरकाम और वनरक्षक चंद्रकिशोर नाग सहित वन प्रबंधन समिति सालेभाट एवं चिपरेल के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
वन विभाग ने आम नागरिकों से वनभूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं करने की अपील की है। विभाग का कहना है कि जंगलों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और वन संपदा को बचाने के लिए अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *