मुख्य सचिव जैन की सेवा तीन माह के लिए बढ़ाने का आदेश जारी, देखिए

0
IMG-20250630-WA0305

रायपुर.
प्रदेश के मुख्य सचिव अमिताभ जैन की सेवा तीन माह के लिए बढ़ाने का आदेश सामान्य प्रशासन विभाग ने जारी कर दिया है। मुख्य सचिव अमिताभ जैन के सेवानिवृत्त के अंतिम समय में आज केंद्र सरकार ने उन्हें मुख्य सचिव के रूप में एक्सटेंशन दिए जाने की मंजूरी दी थी। केंद्र सरकार की ओर से AIS (DCRB) Rules, 1958 के नियम 18 (1) के तहत अनुमति मिलने के बाद राज्य सरकार ने एक जुलाई से 30 सितंबर 2025 तक के लिए अमिताभ जैन की सर्विस में विस्तार का आदेश जारी किया है। माना जा रहा था कि साय कैबिनेट की बैठक में अमिताभ जैन की विदाई होगी और नए मुख्य सचिव का स्वागत किया जाएगा, लेकिन आख़िरी वक्त पर केंद्र से एक्सटेंशन दिए जाने की मंजूरी मिलने के बाद मुख्य सचिव अमिताभ जैन की सेवा तीन माह के लिए बढ़ा दी गई।

एक्सटेंशन पाने वाले पहले मुख्य सचिव
छत्तीसगढ़ के इतिहास में अमिताभ जैन पहले ऐसे मुख्य सचिव हैं, जिन्हें केंद्र सरकार ने तीन महीने का एक्सटेंशन दिया है। एक अप्रत्याशित घटना में उनके एक्सटेंशन को मंज़ूरी दी गई है। खुद अमिताभ जैन को भी इस बात की भनक नहीं थी कि उनके कार्यकाल को बढ़ाने की मंजूरी केंद्र सरकार देने जा रही है। यही वजह है कि आज सुबह उन्होंने राज्यपाल रमेन डेका से मुलाकात की थी। राज्यपाल ने भी उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी थी।


विदाई की थी पूरी तैयारी
बताया जाता है कि अमिताभ जैन को साय कैबिनेट की बैठक के ठीक बाद विदाई जानी थी। इसकी पूरी तैयारी कर ली गई थी। मंत्रालय के कई सचिवों ने विदाई के लिए गुलदस्ते मंगा लिए थे। विदाई समारोह की तैयारी कर ली गई थी। सामान्य प्रशासन विभाग ने विदाई समारोह आयोजित किया था। अमिताभ जैन का पूरा परिवार भी मंत्रालय के उनके दफ्तर में आ गया था, लेकिन कैबिनेट बैठक के बाद एक नई तस्वीर सामने आई। कैबिनेट हाल से निकलते हुए अमिताभ जैन मुस्कुरा रहे थे।


दिल्ली से आए फोन ने सबको चौंकाया
जानकारी के अनुसार कैबिनेट बैठक के बाद अमिताभ जैन की सेवानृवित्ति पर विदाई भाषण चल रहा था। एक के बाद एक मंत्री उनके साथ अपने अनुभवों को साझा कर भविष्य की शुभकामनाएं दे रहे थे। मुख्यमंत्री का विदाई भाषण सबके बाद होने वाला था कि इस बीच दिल्ली से आए एक फ़ोन ने पूरी तस्वीर बदल दी। दिल्ली से आए फोन काल पर यह जानकारी दी गई कि अमिताभ जैन की सर्विस को एक्सटेंशन दिया जा रहा है। इस फोन के बाद हर कोई चौक उठा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *