मौसम विभाग की फिर चेतावनी, एक दो स्थानों पर होगी भारी बारिश
रायपुर।
प्रदेश में आज भी एक दो स्थानों पर भारी बारिश होगी। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है कि बुधवार को एक दो स्थानों पर खासकर उत्तर छत्तीसगढ़ में भारी से अतिभारी वर्षा हो सकती है।
मौसम विज्ञानी एच पी चंद्रा के अनुसार एक निम्न दाब का क्षेत्र झारखंड और उसके आसपास स्थित है। इसके साथ उपरि हवा का चक्रीय चक्रवाती परिसंचरण 5.8 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके धीरे-धीरे पश्चिम उत्तर पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए झारखंड की ओर आगे बढ़ने की संभावना है ।
मानसून द्रोणिका माध्य समुद्र तल पर श्रीगंगानगर, रोहतक, कानपुर, वाराणसी, झारखंड में स्थित निम्न दाब के केंद्र, दीघा और उसके बाद दक्षिण पूर्व की ओर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी तक स्थित है।
एक द्रोणिका उत्तर-पश्चिम उत्तरप्रदेश से झारखंड में स्थित निम्न दाब के केंद्र तक 1.5 किलोमीटर से 3.1 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है ।
प्रदेश मे 2 जुलाई को अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा होने अथवा गरज चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है ।
प्रदेश में एक दो स्थानों पर गरज चमक के साथ भारी वर्षा होने की भी संभावना है। भारी वर्षा का क्षेत्र मुख्यतः उत्तर छत्तीसगढ़ रहने की संभावना है।
