मप्र में लगातार बारिश से कई जिले बाढ़ की चपेट में, आज भी भारी बारिश की चेतावनी

0
bbbb

भोपाल ।

मध्यप्रदेश में लगातार तेज बारिश की वजह से नर्मदा नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है। मंडला, डिंडौरी, श्योपुर, शहडोल, उमरिया समेत कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं। सोमवार को 30 से ज्यादा जिलों में बारिश का दौर चला। वहीं, मंगलवार को 7 जिलों में बाढ़ का खतरा है। मौसम विभाग ने अति भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है।

सोमवार को भोपाल में दिनभर रुक-रुककर कभी तेज, कभी रिमझिम बारिश होती रही। इस वजह से शाम को शहर के कई इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। एमपी नगर थाने से नर्मदापुरम रोड तक करीब 3 किलोमीटर लंबा जाम लग गया।

मंदसौर के गांधीसागर डैम में सोमवार को राजस्थान के दो युवकों के शव मिले। वे कोटा से पिकनिक मनाने के लिए गरोठ के भानपुरा आए थे। डिंडौरी के मेहदवानी जनपद पंचायत क्षेत्र में धमनी-कुसेरा रोड बारिश से क्षतिग्रस्त हो गई। ये तीन साल पहले ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी थी। सड़क टूटने से इस रास्ते पर भारी वाहनों की आवाजाही रोक दी गई है।

सीहोर जिले में पार्वती और पपनाश नदी भारी बारिश के चलते उफान पर हैं। पार्वती नदी पर हादसा होते-होते बचा। पानी पुल के ऊपर से बह रहा था। इस बीच ड्राइवर ने लोगों के मना करने के बाद भी कार नहीं रोकी और आगे जाकर वो फंस गई। लोगों ने कार सवार को बाहर निकाला। नर्मदापुरम के इटारसी में थाने और बाजार में पानी भर गया। वहीं, बालाघाट जिले के गांवों का सड़क संपर्क टूट गया।

आज इन जिलों में अति भारी बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट में अति भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। अगले 24 घंटे में यहां 8 इंच तक पानी गिर सकता है। सीहोर, हरदा, रायसेन, सागर, नरसिंहपुर, दमोह, जबलपुर, छतरपुर, पन्ना, कटनी, डिंडौरी, उमरिया में भारी बारिश हो सकती है। भोपाल, इंदौर में हल्की बारिश का दौर जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *